
गोरखपुर: दक्षिणांचल क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। बांसगांव थाना क्षेत्र के हरनहीं चौकी अंतर्गत ग्रामसभा पिपरा गंगा के सिवान दड़वा टोले में शनिवार सुबह एक अधजला शव मिलने से सनसनी फैल गई।
पुलिस के सामने कई अनसुलझे सवाल
डाइनामाइट न्यूज संवादाता के अनुसार, मृतक की पहचान एकमा निवासी रामशबद पुत्र तीरथ प्रसाद के रूप में हुई। जिनकी उम्र लगभग 50 वर्ष बताई जा रही है। इस घटना ने न केवल परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया, बल्कि पुलिस प्रशासन के सामने भी कई अनसुलझे सवाल खड़े कर दिए हैं।
रामशबद शुक्रवार देर शाम अपने घर से निकले थे। देर रात तक जब वे वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इस दौरान फोन पर संपर्क होने पर पता चला कि वे हरनहीं चौकी पर मौजूद हैं।
अधजली लाश मिलने से मचा हड़कंप
परिजनों को भरोसा था कि वे सुरक्षित हैं, लेकिन शनिवार सुबह उनकी अधजली लाश मिलने की खबर ने सबको स्तब्ध कर दिया। खेत में पड़े इस शव को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
इस घटना ने पुलिस प्रशासन को भी असमंजस में डाल दिया है। शव बांसगांव और खजनी थानों की सीमा पर मिला है। जिसके चलते यह तय नहीं हो पा रहा कि मामला किस थाने के अधिकार क्षेत्र में आता है।
ग्रामीणों का कहना है कि शव को कहीं और जलाकर यहाँ लाकर फेंका गया। क्योंकि घटनास्थल पर जलने के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले। यह संदेह और गहरा हो जाता है कि क्या रामशबद को चौकी से ही उठाया गया या उनकी हत्या कहीं और हुई। क्या उन्हें पहले मारा गया या जिंदा जलाया गया? ये सवाल हर किसी के मन में कौंध रहे हैं।
पत्नी और बच्चों का बुरा हाल
मौके पर दोनों थानों की पुलिस मौजूद है, लेकिन अभी तक हत्या का कारण और अपराधियों का पता नहीं चल सका। परिजन बार-बार यह सवाल उठा रहे हैं कि आखिर चौकी पर मौजूद व्यक्ति के साथ ऐसा कैसे हो सकता है। रामशबद की निर्मम हत्या ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, लेकिन सच्चाई सामने आने में अभी वक्त लग सकता है। फिलहाल, रामशबद का परिवार इस सदमे से उबरने की कोशिश कर रहा है। उनकी पत्नी, बच्चे और बुजुर्ग माता-पिता का रोना हर किसी का दिल दहला रहा है।
Published : 5 April 2025, 10:03 AM IST
Topics : crime news Dynamite News Gorakhpur Crime Gorakhpur crime news Gorakhpur Murder Gorakhpur News Gorakhpur Police Gorakhpur SSP Hindi News Latest News