हिंदी
नई दिल्ली: दिल्ली की सीमाओं पर किसानों का आंदोलन फिर एक बार तेज होने लगा है। यहां आसपास और विभिन्न राज्यों से आने वाले किसानों की तादाद लगातार बढ़ती जा रही है। किसानों की बढ़ती संख्या के बीच पुलिस ने दिल्ली-गाजीपुर बॉर्डर पर रातों रात कई लेयर की बैरकेडिंग के साथ सुरक्षा ब्यवस्था और बढा दी है।आंदोलन स्थल किले में तब्दील हो गया है।

कृषि कानूनों के विरोध आंदोलनरत कुछ किसानों ने एक फरवरी को संसद मार्च की भी धमकी दी थी। संभावित मार्च और इससे उपजने वालों हालातों के मद्देनजर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। सभी थाना पुलिस को मजबूत बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने को कहा गया है। पुलिस घटनाक्रम पर लगातार नजर रखे हुए है।

गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। यहां पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के किसान लगातार पहुंचते जा रहे हैं। मुजफ्फरनगर में दो दिन पहले हुई किसान महापंचायत में भी किसानों से आंदोलन को तेज करने को कहा गया था। किसानों की बढ़ती संख्या बल को देखते हुए गाजीपुर बॉर्डर पर रातोरात 12 लेयर की बैरिकेडिंग की गई है।

गाजीपुर बॉर्डर पर बैरिकेडिंग के साथ ही नुकीले तार भी लगाए गए हैं। एनएच 24 को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। नोएडा सेक्टर 62 से अक्षरधाम जाने वाले रास्ते को भी पूरी तरह बंद किया गया है। कई रूट से ट्रैफिक को डावर्ट कर दिया गया है।
Published : 31 January 2021, 9:45 AM IST
Topics : farm laws Farmers Protest किसान आंदोलन कृषि कानून गाजीपुर बॉर्डर दिल्ली पुलिस राकेश टिकैत सुरक्षा ब्यवस्था