Republic Day: गणतंत्र दिवस को लेकर राजधानी दिल्ली में कड़े सुरक्षा बंदोबस्त, लागू हुए ये प्रतिबंध, जानिये जरूरी अपडेट

देश की राजधानी दिल्ली में गणतंत्र दिवस के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन ने कई प्रतिबंध लगा दिये है। सुरक्षा के मद्देनजर ये प्रतिबंध आज से लागू हो चुके हैं। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 25 January 2022, 11:38 AM IST
google-preferred

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में गणतंत्र दिवस के मद्देनजर कड़े सुरक्षा बंदोबस्त कर दिये गये हैं। इसके साथ ही पुलिस-प्रशासन ने यातायात, आवागमन समेत कई बातों को लेकर कई प्रतिबंध भी लगा दिये है। ये प्रतिबंध आज से लागू हो चुके हैं। कई रास्तों और मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया गया है। इसलिये दिल्ली में बाहर निकलने के पहले पुलिस द्वारा जारी की गई एडवाजरी को जरूर देखें। 

गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिये राजधानी दिल्ली में 71 डीसीपी, 213 एसीपी और 753 निरीक्षकों समेत दिल्ली पुलिस के 27,723 कर्मियों को परेड की सुरक्षा के लिए तैनात किया गया है। इनकी सहायता के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की 65 कंपनियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा सुरक्षा को लेकर कई खुफिया प्रबंध भी किये गये हैं। सेना की भी इसमें मदद ली जाती है।

राजधानी दिल्ली में हर साल की तरह इस वर्ष भी कल गणतंत्र दिवस परेड का भव्य आयोजन किया जाना है। सुरक्षा के मद्देनजर कई सारे प्रतिबंध लगा दिए गए हैं। इस दौरान कई सारे रास्ते बंद कर दिए गए हैं। 4 मेट्रो स्टेशन भी कल कुछ देर के लिए बंद रहेंगे।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर कल यानि बुधवार सुबह से दिल्ली में 4 मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे, जिनमें केंद्रीय सचिवालय, उद्योग भवन, पटेल चौक और लोक कल्याण मार्ग स्टेशन शामिल है। इसके साथ ही कई रास्तों पर गाड़ियों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय सचिवालय और उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन में बुधवार दोपहर 12 बजे तक एंट्री और एक्जिट बंद रहेगी। इसी तरह पटेल चौक और लोक कल्याण मार्ग मेट्रो स्टेशन पर सुबह 8:45 से दोपहर 12 बजे तक एंट्री-एक्जिट बंद रहेगी।

गणतंत्र दिवस के दौरान आज यानि मंगलवार सुबह 6 बजे से  दिल्ली-एनसीआर के सभी मेट्रो स्टेशनों पर पार्किंग प्रतिबंधित कर दी गई है। ये सभी प्रतिबंध कल बुधवार दोपहर 2 बजे तक जारी रहेंगे।