Delhi Flood: जीजीएस आईपी विश्वविद्यालय ने यमुना में बाढ़ के कारण स्थगित कीं इन तिथियों की परीक्षाएं

गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ (जीजीएसआईपी) विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय राजधानी में बाढ़ जैसी स्थिति का हवाला देते हुए 14, 15 और 16 जुलाई को होने वाली अंतिम सत्र की सभी परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। पढिये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 14 July 2023, 5:49 PM IST
google-preferred

नयी दिल्ली: गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ (जीजीएसआईपी) विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय राजधानी में बाढ़ जैसी स्थिति का हवाला देते हुए 14, 15 और 16 जुलाई को होने वाली अंतिम सत्र की सभी परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है।

विश्वविद्यालय ने बृहपतिवार को एक अधिसूचना में कहा कि परीक्षा का नया कार्यक्रम जल्द ही अधिसूचित किया जाएगा।

विश्वविद्यालय ने कहा, ‘‘दिल्ली के कुछ हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए 14 जुलाई (शुक्रवार), 15 जुलाई (शनिवार) और 16 जुलाई 2023 (रविवार) को निर्धारित जीजीएसआईपीयू की अंतिम सत्र परीक्षाएं (थ्योरी/प्रैक्टिकल) अगले आदेश तक स्थगित कर दी गई हैं।’’

इसने कहा कि विभिन्न कार्यक्रमों की शेष परीक्षाएं पहले से अधिसूचित निर्धारित तिथि एवं समय के अनुसार आयोजित की जाएंगी।

यमुना नदी में तीन दिन पहले 45 साल का रिकॉर्ड का रिकॉर्ड टूटने के बाद जल स्तर शुक्रवार को सुबह 11 बजे कम होकर 208.35 मीटर पर आ गया है। दिल्ली के कई अहम इलाके अब भी जलमग्न हैं।

बृहस्पतिवार को यमुना का जल स्तर तीन घंटे तक स्थिर रहा लेकिन शाम सात बजे से यह फिर बढ़कर 208.66 मीटर पर पहुंच गया जो खतरे के निशान 205.33 मीटर से तीन मीटर अधिक है।

केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को जल स्तर 208.57 मीटर पर था । सुबह पांच बजे इसमें मामूली कमी देखी गयी और यह 208.48 मीटर दर्ज किया गया।

यमुना में जल स्तर सुबह आठ बजे 208.42 मीटर, सुबह 10 बजे 208.38 मीटर और सुबह 11 बजे 208.35 मीटर दर्ज किया गया।

Published : 
  • 14 July 2023, 5:49 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement