भाजपा ने बोले राहुल गांधी पर बड़े हमले, भारत विरोधी भाषा को लेकर लगाये ये आरोप

डीएन ब्यूरो

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर 'भारत विरोधी ताकतों की भाषा' बोलने का आरोप लगाया और कहा कि देश ने उन्हें खारिज कर दिया है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू
केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू


नयी दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर 'भारत विरोधी ताकतों की भाषा' बोलने का आरोप लगाया और कहा कि देश ने उन्हें खारिज कर दिया है, इसका मतलब यह नहीं कि उन्हें विदेशी भूमि पर लोकतंत्र का अपमान करने का अधिकार मिल गया।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अगर एक संसद सदस्य के ‘भारत विरोधी कृत्य’ की निंदा सांसद नहीं करेंगे तो लोग उनसे सवाल पूछेंगे कि वे संसद में क्या कर रहे थे ?

राहुल की लंदन में की गई टिप्पणियों को लेकर भाजपा संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण की शुरुआत से ही दोनों सदनों में हंगामा कर रही है और उनसे माफी की मांग कर रही है।

रीजीजू ने कहा कि अगर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष देश को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करते हैं, तो भाजपा ना चुप बैठेगी और ना ही उन्हें माफ करेगी।

लंदन में भारतीय लोकतंत्र को लेकर की गई टिप्पणी के लिए नए सिरे से राहुल गांधी को घेरते हुए केंद्रीय कानून मंत्री रीजीजू ने कहा कि भारत विरोधी ताकतों और एक ‘गिरोह’ ने विदेशी जमीन पर भारत को बदनाम करने की साजिश रची थी।

उन्होंने कहा, ‘‘हम जनता के हित में बोलते हैं लेकिन भारत विरोधी ताक़तें जितनी भी हैं उन सभी की भाषा और लाइन एक है, जो श्रीमान राहुल गांधी बोलते हैं। वही भाषा भारत के अंदर और वही भाषा भारत के बाहर… भारत के विरोध में काम करने वाले बोलते हैं। उन्हें संसद में माफी मांगनी होगी। यह हमारा कर्तव्य है कि हम उनसे माफी मांगने को कहें।’’

पिछले दिनों लंदन यात्रा पर गए राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि भारतीय लोकतांत्रिक ढांचों पर 'बर्बर हमले' हो रहे हैं। उन्होंने यह आरोप भी लगाया था कि देश की संस्थाओं पर व्यापक हमला हो रहा है।

रीजीजू ने कहा कि देश ने कांग्रेस और राहुल गांधी को खारिज कर दिया है, इसका मतलब यह नहीं कि उन्हें विदेशी भूमि पर लोकतंत्र का अपमान करने का अधिकार मिल गया।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘‘सबसे गंभीर मुद्दे को ताक पर नहीं रखा जा सकता। यदि हम एक संसद सदस्य के भारत विरोधी कृत्य की निंदा नहीं करेंगे तो देश हमसे सवाल पूछेगा कि हम संसद में क्या कर रहे हैं?’’

एक अन्य सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि अगर कांग्रेस पार्टी को लगता है कि उनकी बातों में कुछ भी गलत नहीं है तो वह संसद में जनता का प्रतिनिधित्व करने के लायक नहीं है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘राहुल गांधी जो भी बोलते हैं, कांग्रेस को नुकसान होता है। इससे हमें कोई आपत्ति नहीं है। कांग्रेस किस परिस्थिति में है, यह उनका अंदरूनी मामला है। राहुल गांधी की वजह से कांग्रेस अगर डूबती है तो हमें कोई दिलचस्पी नहीं है। अगर कांग्रेस पार्टी को राहुल गांधी ने डुबा दिया या बर्बाद कर दिया तो हमारे लिए यह कोई दिलचस्पी का विषय नहीं है।’’

उन्होंने कहा कि लेकिन अगर वह देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करेंगे तो ‘‘इस देश का नागरिक होने के नाते हम चुपचाप नहीं बैठ सकते।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम लोकतंत्र के मंदिर में देश के लिए काम करते हैं। उस लोकतंत्र के मंदिर का सदस्य होने के नाते हम चुपचाप नहीं बैठेंगे। कोई देश को गाली देगा तो यह देश कभी माफ नहीं करेगा।’’

रीजीजू ने कहा कि यह देश के लिए बहुत दुखद है कि संसद का एक सदस्य खुद संसद की गरिमा को गिराने का काम कर रहा है।

भाजपा नेता ने कहा ‘‘सिर्फ इसलिए कि देश ने कांग्रेस को खारिज कर दिया है, इसका मतलब यह नहीं है कि उन्हें देश के बारे में बुरा बोलने का अधिकार है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह उन्हें विदेशी भूमि पर संसद का अपमान करने, लोकतंत्र का अपमान करने के अधिकार की गारंटी नहीं देता है।’’

रीजीजू ने कहा कि राहुल गांधी ने लंदन में जाकर झूठ बोला कि उन्हें संसद में बोलने नहीं दिया जाता। उन्होंने कहा, ‘‘संसद में जितना समय उन्हें दिया गया था उससे अधिक उन्होंने बोला…। सदन के नियमों को तार-तार कर झूठ बोला।’’

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने बोला कि वह देश में जाकर अपनी बात नहीं कह सकते हैं जबकि सच्चाई यह है कि उन्होंने ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ निकाली और हर दिन बोलते रहे।

उन्होंने कहा, ‘‘इस देश में जो सबसे ज़्यादा बोलता है वही कह रहा है कि उसे बोलने नहीं दिया जाता।’’

भाषा ब्रजेन्द्र

ब्रजेन्द्र मनीषा

मनीषा










संबंधित समाचार