

59 साल में घोड़े के साथ दौड़ते बाबा रामदेव का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। पढ़ें डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
नई दिल्ली: भारत के प्रसिद्ध योग गुरु बाबा रामदेव का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें वह एक घोड़े के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए नजर आ रहे हैं। 59 वर्ष की उम्र में इतनी तेज दौड़ लगाने की उन्हें शक्ति कैसे मिली, इस पर लोग आश्चर्यचकित हैं। बाबा रामदेव स्वयं इस प्रदर्शन को अपनी मजबूत इम्युनिटी और एंटी-एजिंग क्षमताओं से जोड़ते हैं।
बाबा रामदेव का मानना है कि नियमित योगाभ्यास और आयुर्वेद के उपयोग से कोई भी व्यक्ति अपनी उम्र को मात देकर स्वस्थ रह सकता है। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर घोड़े से दौड़ लगाने का यह वीडियो शेयर किया है। वीडियो में दिख रहा है कि एक सफेद रंग के घोड़े पर सवार एक शख्स अपने घोड़े को तेजी से दौड़ा रहा है और बाबा रामदेव उसके साथ दौड़ लगा रहे हैं। बाबा रामदेव और घोड़े की गति तेज होती है और दोनों के बीच एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ है।
घोड़े की तरह तेज़ दौड़ने की ताक़त, Strong Immunity, Anti-aging और Power चाहिए तो Swarn Shilajit व Immunogrit Gold खाइए#immunity #antiaging #shilajit pic.twitter.com/VGzLrFt776
— स्वामी रामदेव (@yogrishiramdev) February 18, 2025
उनका नया वीडियो जिसमें वह घोड़े के साथ तेज दौड़ लगा रहे हैं, निश्चित रूप से लोगों को प्रेरित करने का काम कर रहा है। इस वीडियो में बाबा रामदेव न केवल अपनी फिटनेस का प्रदर्शन कर रहे हैं, बल्कि स्वास्थ्य और जीवनशैली के प्रति जागरूकता भी फैला रहे हैं। उनके समर्थकों का कहना है कि यह वीडियो इस बात का सबूत है कि आयुर्वेद और योग केवल बीमारियों के इलाज के लिए नहीं, बल्कि अच्छे स्वास्थ्य और जीवनकाल के लिए भी आवश्यक हैं।
बाबा रामदेव का जन्म 25 दिसंबर 1965 को हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के सैयद पुर गांव में हुआ था। देश में योग और आयुर्वेद को जन-जन तक पहुँचाने में रामदेव का योगदान अद्वितीय है। 2006 में उन्होंने पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड की स्थापना की, जो आज देश की अग्रणी आयुर्वेदिक उत्पादों की कंपनियों में से एक है। योग के प्रति उनका गहरा विश्वास ही उन्हें हर दिन नियमित रूप से योगाभ्यास करने को प्रेरित करता है।
बाबा रामदेव के फॉलोवर्स की एक बड़ी संख्या है, और इस वीडियो के माध्यम से वह युवाओं को भी अपने फिटनेस मंत्र का पालन करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उनके अनुसार, आपके जीवन में योग का स्थान होना चाहिए, क्योंकि इससे न केवल शरीर स्वस्थ रहता है बल्कि मन भी प्रसन्न रहता है।