फतेहपुर में दलित युवती पर दबंगों ने किया हमला, जानें क्या है मामला

यूपी के फतेहपुर जिले के बिन्दकी कोतवाली क्षेत्र में एक दलित युवती पर धान लगाने से मना करने के बाद दबंगों द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है। ज्यादा जानकारी के लिये पढ़िये डाइनामाइट न्यूज की ये रिपोर्ट

Updated : 31 July 2024, 1:49 PM IST
google-preferred

फतेहपुर: जिले के बिन्दकी कोतवाली क्षेत्र में धान लगाने से मना करने पर एक दलित युवती पर हमला कर दिया गया। यह घटना तब हुई जब युवती एक सहेली के साथ गांव के एक किसान के खेत में धान की बेड़ लगाने के बाद घर लौट रही थी।

डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के मुताबिक पीड़िता की मां ने बताया कि दबंग प्रवृत्ति के दाढ़ी उर्फ धनंजय सिंह, साहिल सिंह, कल्लू सिंह, धनराज सिंह और पंकज सहित करीब आधा दर्जन लोगों ने मिलकर युवती पर हमला किया। हमलावरों ने बेइज्जत करने की नीयत से उसके बाल पकड़कर जमीन पर गिरा दिया। किसी तरह जान बचाकर भाग रही युवती को टेंपो स्टैंड शराब ठेके के पास कल्लू सिंह ने सिर पर सरिया से जोरदार प्रहार कर बेहोश कर दिया। 

बचाव का प्रयास और पुलिस की कार्रवाई

युवती की चीख सुनकर बचाने पहुंचे उसके चाचा को भी हमलावरों ने बुरी तरह पीटा, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये। पीड़िता की मां ने बिंदकी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन पुलिस ने केवल एक कागज पर अंगूठा लगवाकर उन्हें वापस भेज दिया और मेडिकल परीक्षण तक नहीं कराया।

इस मामले में बिन्दकी कोतवाल संजय कुमार पांडे ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हालांकि, जब धाराओं की जानकारी मांगी गई तो उन्होंने बाहर होने का हवाला देते हुए पूर्ण जानकारी देने से मना कर दिया।

 

Published : 
  • 31 July 2024, 1:49 PM IST

Advertisement
Advertisement