हिंदी
महराजगंज के नौतनवा क्षेत्र में होली से पहले प्रशासन ने अवैध शराब माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने संयुक्त छापेमारी के दौरान कई कुंतल अवैध लहन व कई भट्टियां नष्ट की। इस दौरान कच्ची शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
होली से पहले शराब माफियाओं पर सख्त प्रहार
Maharajganj: होली पर्व से ठीक पहले प्रशासन ने अवैध कच्ची शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए नौतनवा क्षेत्र के कजरी गांव में छापेमारी की। संयुक्त टीम ने करीब छह कुंतल अवैध लहन नष्ट करने के साथ ही कई भट्टियों और शराब बनाने के उपकरणों को भी ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान गांव में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, होली के मद्देनजर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से नौतनवा तहसील प्रशासन ने आबकारी विभाग और पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया। मुखबिर की सूचना पर नौतनवा थाना क्षेत्र के कजरी गांव में तड़के रेड डाली गई। छापेमारी के दौरान बाली, प्रकाश समेत आधा दर्जन संदिग्धों के घरों में तलाशी ली गई।
टीम को मौके से शराब बनाने के उपकरण, बड़ी मात्रा में अवैध लहन और भट्टियां मिलीं। अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब छह कुंतल लहन को नष्ट कर दिया तथा कई अस्थायी भट्टियों को तोड़ दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब निर्माण और बिक्री में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ड्रोन से निगरानी, गांव में मचा हड़कंप
महराजगंज में रिकवरी एजेंट की दबंगई, घर में घुसकर महिला से की ये हरकत
कार्रवाई को प्रभावी बनाने के लिए ड्रोन कैमरे की सहायता से पूरे इलाके का सघन निरीक्षण किया गया। भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अमले की मौजूदगी से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान अवैध शराब की मांग बढ़ने से मिलावटी और जहरीली शराब की आशंका भी बढ़ जाती है, जिसे रोकने के लिए यह अभियान चलाया गया।
होली पर बढ़ती है अवैध शराब की खपत
होली के दौरान शराब की मांग में इजाफा होता है। अधिक मुनाफा कमाने के लालच में कुछ असामाजिक तत्व मिलावटी और कच्ची शराब तैयार कर बाजार में खपाने की कोशिश करते हैं। ऐसी शराब में गुणवत्ता नियंत्रण न होने के कारण इथेनॉल की मात्रा अधिक हो सकती है, जिससे विषाक्तता, अंधत्व और यहां तक कि मौत का खतरा भी बना रहता है।
महराजगंज में रिकवरी एजेंट की दबंगई, घर में घुसकर महिला से की ये हरकत
ये रहे मौजूद अधिकारीकार्रवाई के दौरान एसडीएम नवीन कुमार, सीओ अंकुर गौतम, एसओ पुरुषोत्तम राव, चौकी इंचार्ज रामरतन सहित आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मौजूद रही। प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि होली पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।