अमेठी: डीएम ने किया वन महोत्सव का शुभारंभ, 51 प्रजातियों के 11 सौ पौधे रोपे गये, 37 लाख का लक्ष्य

डीएन ब्यूरो

अमेठी की फिजाओं में हरियाली लौटाने और पर्यावरण को बचाये रखने के लिये जिले में महोत्सव सप्ताह का शुभारंभ किया गया। जानिये, क्या है योजनाएं..

वृक्षारोपण करते डीएम अरुण कुमार
वृक्षारोपण करते डीएम अरुण कुमार


अमेठी: जिलाधिकारी अरुण कुमार ने आज निर्माणाधीन कलेक्ट्रेट परिसर में पौधारोपण कर वन महोत्सव सप्ताह का शुभारंभ किया। परिसर में 51 प्रजातियों के 1100 पौधे लगाए गए। वन महोत्सव के दौरान जिले में 37 लाख 4 हजार पौधों का रोपण करने का लक्ष्य रखा गया है।  इस मौके पर जिलाधिकारी ने जनपद वासियों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की भी अपील की।

जिलाधिकारी ने कहा कि मानव जीवन और समूचे पर्यावरण के लिए वृक्ष अत्यंत जरुरी है। यदि इंसान पौधारोपण नहीं करेगा और पेड़ों का कटान जारी रहेगा तो इंसानी वजूद खतरे में पड़ जायेगा। उन्होंने कहा कि भावी पीढ़ी को प्रदूषण मुक्त वातावरण देने के लिए पौधारोपण बेहद जरुरी है। उन्होंने तेजी के साथ पेड़ों की कटान पर गहरी चिंता जतायी और सभी से धरती की हरियाली बनाये रखने के अपील की।

जिलाधिकारी के अलावा मुख्य विकास अधिकारी प्रभुनाथ व अपर पुलिस अधीक्षक दयाराम सरोज समेत अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पौधारोपण किया।

प्रभागीय वनाधिकारी यूपी सिंह ने कहा कि जुलाई माह में शासन से मिले लक्ष्य को पूरा करने के लिए पौधारोपण का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम 1 जुलाई से 7 जुलाई तक चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत 5 जुलाई को वृहद वृक्षारोपण का आयोजन कर जनपद में 37 लाख 4 हजार पौधे वन विभाग तथा विभिन्न विभागों द्वारा रोपित किए जाएंगे। 
 










संबंधित समाचार