हिंदी
फतेहपुर : फतेहपुर जिले के देवमई विकास खंड के खरौली गांव निवासी शिवकरन सिंह देशभक्ति, राष्ट्रसेवा और नशामुक्ति का संदेश देने के लिए नंगे पांव पूरे भारत की यात्रा पर निकले हैं। उन्होंने 25 मार्च 2022 को तिरंगा और भारत माता की प्रतिमा के साथ अपनी यात्रा शुरू की और अब तक 22 हजार किलोमीटर की दूरी तय कर चुके हैं।
डाइनामाइट न्यूज़ की रिपोर्ट के मुताबिक, शिवकरन अपनी यात्रा के दौरान चीन सीमा से लेकर कन्याकुमारी तक गए। मातृभूमि लौटते समय उन्होंने बिंदकी तहसील के शहीद स्थल बावनी इमली में अमर क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में सकारात्मक योगदान देने की अपील की, क्योंकि उनका मानना है कि आज का युवा नशे की ओर बढ़ रहा है, जो देश के लिए चिंता का विषय है। इसके अलावा शिवकरन यात्रा के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दे रहे हैं।
अभियान की सराहना
अब तक वह 80 हजार पौधे लगा चुके हैं और बावनी इमली में भी पौधारोपण कर चुके हैं। इस मौके पर रितुराज, राम प्रकाश चौहान, आशीष, हर्षित, अरविंद सक्सैना, आशीष सिंह, अमरपाल, राम मनोहर और रोहन श्रीवास्तव समेत कई लोग मौजूद रहे और शिवकरन सिंह के इस अभियान की सराहना की।
Published : 19 March 2025, 2:05 PM IST
Topics : Dynamite News hindi Fatehpur Fatehpur Big News fatehpur news Fatehpur todays News nshamukt UP News yatraa