Saina Nehwal: साइना नेहवाल पति कश्यप से हुई अलग, बैडमिंटन फैंस को चौंकाया

भारतीय बैडमिंटन स्टार और ओलंपिक मेडलिस्ट सायना नेहवाल और उनके पति परुपल्ली कश्यप को लेकर बड़ी खबर सामने आयी है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 14 July 2025, 2:01 AM IST
google-preferred

नई दिल्ली: भारत की दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी और राष्ट्रमंडल खेल में स्वर्ण पदक विजेता सायना नेहवाल अपने पति परुपल्ली कश्यप से अलग हो गई है। उन्होंने रविवार देर रात इंस्टाग्राम स्टोरी के माध्यम से इस बात का ऐलान किया और अपने फैंस को चौंका दिया।

डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार 14 दिसंबर 2018 को दोनों खिलाड़ी शादी के बंधन में बंधे थे और अब 7 साल बाद दोनों का यह रिश्ता टूट गया। सायना के पति परुपल्ली कश्यप भी बैडमिंटन के दिग्गज खिलाड़ी रहे हैं।

सायना नेहवाल ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि जिंदगी कभी-कभी हमें अलग-अलग दिशाओं में ले जाती है। बहुत सोच-विचार के बाद, परुपल्ली कश्यप और मैंने अलग होने का फैसला किया है।

उन्होंने कहा कि हम अपने और एक-दूसरे के लिए शांति, विकास और अच्छी सेहत का चुनाव कर रहे हैं। मैं उन यादों के लिए आभारी हूं और आगे के लिए केवल शुभकामनाएं ही चाहती हूं।

बता दें कि सायना हरियाणा की रहने वाली हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 2008 में BWF विश्व जूनियर चैंपियनशिप जीतकर की और सभी का ध्यान आकर्षित किया था। 2009 में, साइना बीडब्ल्यूएफ सुपर सीरीज प्रतियोगिता जीतने वाली पहली भारतीय बनीं।

खेल जगत में सायना के उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए 2009 में उन्हें अर्जुन पुरस्कार और 2010 में राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

सायना के 38 वर्षीय पति परुपल्ली कश्यप ने 2014 के राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा वे कई अन्य प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं के भी विजेता रह चुके हैं। उन्होंने पूर्व ऑल-इंग्लैंड चैंपियन प्रकाश पादुकोण और पुलेला गोपीचंद से प्रशिक्षण लिया।

कश्यप की पत्नी सायना को खेल में दुनिया की नंबर-1 रैंकिंग हासिल करने वाली एकमात्र महिला भारतीय खिलाड़ी होने का गौरव भी हासिल है।

दोनों की मुलाकात हैदराबाद में दिग्गज भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पुलेला गोपीचंद की एकेडमी में हुई थी, जहां ये दोनों ही दिग्गज कोच की निगरानी में ट्रेनिंग कर रहे थे. यहीं से दोनों के प्यार की कहानी शुरू हुई थी।

दोनों ने 2018 में अपनी शादी के ऐलान से हर किसी को हैरान कर दिया था, क्योंकि लंबे समय तक इन दोनों ही सितारों ने अपने रिश्ते को मीडिया और फैंस की नजरों से दूर रखा था।

हालांकि, दोनों के अलग होने की असली वजह फिलहाल सामने नहीं आई है लेकिन साइना ने कश्यप के साथ बिताए पलों के लिए खुशी जताई।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 14 July 2025, 2:01 AM IST

Advertisement
Advertisement