हिंदी
पाकिस्तान क्रिकेट टीम (Img: X)
New Delhi: इंग्लैंड दौरे पर लगातार दो टेस्ट हारने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम में बड़ा फेरबदल हुआ है। मोहम्मद रिजवान और इमाम उल हक समेत सात खिलाड़ियों को तीसरे टेस्ट से पहले टीम से बाहर कर दिया गया। अब एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इसके पीछे सिर्फ खराब प्रदर्शन ही नहीं, बल्कि ड्रेसिंग रूम का व्यवहार भी बड़ी वजह रहा।
पाकिस्तान को इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती दो टेस्ट मैचों में करारी हार का सामना करना पड़ा। हेडिंग्ले में खेले गए पहले टेस्ट में टीम पारी और 103 रन से हारी, जबकि लॉर्ड्स में दूसरे टेस्ट में उसे 194 रन से शिकस्त मिली।
लगातार दो हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी पीसीबी ने टीम में बड़े बदलाव किए। तीसरे टेस्ट से पहले सात खिलाड़ियों को वापस भेज दिया गया। इनमें अनुभवी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान और इमाम उल हक के अलावा सलमान अली आगा, अली उस्मान, आमिर जमाल, मोहम्मद अवैस और खुर्रम शहजाद का नाम शामिल है।
शुरुआत में पीसीबी और टीम प्रबंधन की ओर से खिलाड़ियों को हटाने की वजह खराब प्रदर्शन बताई गई थी। हालांकि, अब सामने आई मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि रिजवान, इमाम और सलमान अली आगा को ड्रेसिंग रूम में उनके व्यवहार को लेकर भी सवालों का सामना करना पड़ा।
रिपोर्ट के मुताबिक, ये तीनों खिलाड़ी पीसीबी की बड़ी योजना का हिस्सा थे। लेकिन वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दौरों के दौरान सामने आई कुछ घटनाओं को लेकर उन्हें समिति के सामने पेश होकर अपना पक्ष रखना होगा। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि ड्रेसिंग रूम में ऐसी कौन-सी विशेष घटना हुई थी, जिससे बोर्ड नाराज हुआ।
टीम में बदलाव के साथ कोचिंग स्टाफ में भी बड़ा परिवर्तन किया गया है। मुख्य कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल को इंग्लैंड दौरे के बीच ही वापस बुला लिया गया। उनकी जगह तीसरे टेस्ट मेंमाइक हेसन और एश्ले नोफके कोचिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे। हेसन फिलहाल पाकिस्तान की वनडे और टी20 टीम के कोच हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, हेसन कुछ नए खिलाड़ियों को लाल गेंद यानी टेस्ट क्रिकेट में मौका देना चाहते हैं। इसी वजह से कुछ खिलाड़ियों को वापस भेजकर नए चेहरों को टीम में शामिल किया गया है।
पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी टीम में बड़े स्तर पर बदलाव करना चाहते हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि चयन समिति के कामकाज की समीक्षा की जा रही है। मुख्य चयनकर्ता आकिब जावेद को भी अपनी भूमिका को लेकर जवाब देना पड़ा है।
पीसीबी ने चयन समिति और सलाहकार समिति से रिजवान और इमाम को इंग्लैंड दौरे के लिए चुने जाने के आधार के बारे में स्पष्टीकरण मांगा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इंग्लैंड दौरा खत्म होने के बाद नई चयन समिति का गठन किया जा सकता है। इससे पहले मिस्बाह-उल-हक चयन समिति से इस्तीफा दे चुके हैं।
Pakistan-Iran Controversy: क्या वाकई पाकिस्तान में हैं ईरानी विमान?
पीसीबी टेस्ट टीम के स्थायी मुख्य कोच के रूप में माइक हेसन को बनाए रखने पर भी विचार कर रहा है। हालांकि, अभी यह तय नहीं है कि हेसन इस जिम्मेदारी के लिए तैयार होंगे या नहीं। अगर वह सहमत नहीं होते हैं तो नवंबर में श्रीलंका के खिलाफ घरेलू सीरीज से पहले बोर्ड किसी दूसरे कोच की नियुक्ति कर सकता है। वहीं, सरफराज अहमद और उमर गुल को बोर्ड में दूसरी जिम्मेदारी देने की संभावना भी बताई गई है।
इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी टेस्ट एजबेस्टन में खेला जाना है। इसके लिए पाकिस्तान ने सैम अयूब, अब्दुल्लाह फजल, अराफात मिनहास, साद बेग, मोहम्मद रंधावा, रजाउल्लाह और मोहम्मद इमरान जूनियर को टीम में शामिल किया है।
इनमें से ज्यादातर खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके हैं, जबकि मोहम्मद रंधावा और रजाउल्लाह को टेस्ट डेब्यू का मौका मिल सकता है। अब पाकिस्तान की नजर नए खिलाड़ियों के साथ वापसी करने पर होगी।
Location : New Delhi
Published : 5 September 2026, 2:43 PM IST