‘ऐसी परफॉर्मेंस रही तो हम Top-4 के हकदार नहीं’, दिल्ली से हार के बाद अपनी ही टीम पर भड़के कप्तान रियान पराग

IPL में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मिली करारी हार के बाद राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग अपनी ही टीम पर भड़क गए। पराग ने साफ कहा कि खराब फील्डिंग और गेंदबाजी के चलते उनकी टीम टॉप-4 में जगह बनाने की हकदार नहीं है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 18 May 2026, 9:16 AM IST
google-preferred

New Delhi: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में प्लेऑफ की रेस अब बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुकी है। मजबूत स्थिति में दिख रही राजस्थान रॉयल्स को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ एक करारी हार का सामना करना पड़ा है। इस हार के बाद राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग अपनी टीम के प्रदर्शन से बेहद निराश और नाराज नजर आए।

मैच खत्म होने के बाद पराग ने बिना किसी लाग-लपेट के अपनी टीम को आईना दिखाया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर टीम का खेल इसी स्तर का रहा, तो वे टॉप-4 (प्लेऑफ) में जगह बनाने के बिल्कुल भी हकदार नहीं हैं। इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान द्वारा दिए गए 194 रनों के लक्ष्य को महज 19.2 ओवरों में हासिल कर लिया, जिसने राजस्थान की कमजोरियों को उजागर कर दिया।

बल्लेबाजी में मोमेंटम खोने से चूकी राजस्थान

मैच के बाद बात करते हुए कप्तान रियान पराग ने माना कि एक समय उनकी टीम बेहद मजबूत स्थिति में खड़ी थी। उन्होंने कहा, "14वें ओवर तक हम एक बहुत बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रहे थे, लेकिन मेरे आउट होते ही पूरी बल्लेबाजी की रफ्तार टूट गई।"

पराग के मुताबिक, जिस तरह की सपाट पिच थी, उसे देखते हुए राजस्थान रॉयल्स को कम से कम 220 से 230 रनों का स्कोर खड़ा करना चाहिए था। लेकिन आखिरी ओवरों में टीम उस मोमेंटम को बरकरार नहीं रख सकी और बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में तब्दील नहीं किया, जिसका खामियाजा पूरी टीम को भुगतना पड़ा।

IPL 2026: पूरी तरह फिट होने के बाद भी क्यों नहीं खेल रहे MS Dhoni? चौंकाने वाली वजह आई सामने

गेंदबाजी और खराब फील्डिंग पर उठाए सवाल

राजस्थान रॉयल्स की हार का सबसे बड़ा कारण उनकी दिशाहीन गेंदबाजी और बेहद लचर फील्डिंग रही। दिल्ली के बल्लेबाजों ने मैदान के चारों तरफ आसानी से रन बटोरे और राजस्थान के गेंदबाज उन पर दबाव बनाने में पूरी तरह नाकाम साबित हुए।

रियान पराग ने फील्डिंग स्तर पर गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि आईपीएल जैसी दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग में आप ऐसा खराब प्रदर्शन करके ट्रॉफी जीतने की उम्मीद कतई नहीं कर सकते। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि पिछले कुछ मैचों से टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है और इसमें बड़े सुधार की जरूरत है।

डोनोवन फरेरा को ओवर देने के फैसले का किया बचाव

मैच के दौरान डोनोवन फरेरा को गेंदबाजी सौंपने के कप्तान के फैसले की क्रिकेट एक्सपर्ट्स और फैंस द्वारा काफी आलोचना की जा रही है। कई लोगों ने इसे मैच का टर्निंग पॉइंट और एक बड़ा जोखिम भरा कदम बताया।

हालांकि, पराग ने इस रणनीतिक फैसले का बचाव किया। उन्होंने कहा कि उस समय क्रीज पर दो खब्बू (बाएं हाथ के) बल्लेबाज मौजूद थे, इसलिए उन्हें लगा कि फरेरा एक बेहतर विकल्प साबित हो सकते हैं। उन्होंने माना कि यह चाल भले ही उल्टी पड़ गई, लेकिन खेल में आपको ऐसे रिस्क लेने ही पड़ते हैं।

IPL Highest Run Scorers: ऑरेंज कैप की रेस हुई बेहद रोमांचक, टॉप-5 में गुजरात के दो शेरों का कब्जा, पढ़ें पूरी खबर…

दूसरों की हार-जीत पर निर्भर नहीं रहना चाहते पराग

इस हार के बाद भी राजस्थान प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है, लेकिन अब उसकी राह थोड़ी कठिन हो गई है और उसे दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ सकता है। इस पर बात करते हुए पराग ने कहा कि वह ऐसी कप्तानी या मानसिकता में विश्वास नहीं रखते जहां टीम को क्वालीफाई करने के लिए दूसरों की हार का इंतजार करना पड़े। उन्होंने कहा कि हमारे पास खुद के दम पर आगे बढ़ने का शानदार मौका था, जिसे हमने गंवा दिया। अब अगले दो मैचों में दमदार वापसी करना ही हमारी एकमात्र प्राथमिकता है।

Location :  New Delhi

Published :  18 May 2026, 9:16 AM IST

Advertisement