US Fighter Jet Crash: हवा में टकराए नौसेना के दो फाइटर जेट, आग का गोला बनकर जमीन पर गिरे

अमेरिका के इडाहो में 'गनफाइटर स्काइज एयर शो' के दौरान अमेरिकी नौसेना के दो EA18-G ग्राउलर फाइटर जेट हवा में आपस में टकराकर क्रैश हो गए। राहत की बात यह रही कि दोनों विमानों के चारों क्रू मेंबर्स सुरक्षित बाहर निकल गए। हादसे की जांच शुरू हो गई है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 18 May 2026, 8:16 AM IST
google-preferred

Washington: अमेरिका के इडाहो (Idaho) स्टेट से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां एक एयर शो के दौरान दो अत्याधुनिक फाइटर जेट्स के बीच हवा में भीषण टक्कर हो गई। यह हादसा माउंटेन होम एयर फोर्स बेस पर आयोजित 'गनफाइटर स्काइज एयर शो' (Gunfighter Skies Air Show) के दौरान हुआ।

अमेरिकी नौसेना के दो EA18-G ग्राउलर (EA18-G Growler) लड़ाकू विमान हवा में हैरतअंगेज करतब दिखा रहे थे, तभी अचानक दोनों विमान आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों विमान देखते ही देखते आग का गोला बन गए और जमीन पर जा गिरे। इस खौफनाक हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा, चारों क्रू मेंबर्स सुरक्षित

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हवा में फॉर्मेशन बनाते समय या तो विमानों का संतुलन बिगड़ गया या फिर पायलटों के बीच तालमेल में कुछ कमी रह गई, जिसके कारण यह दर्दनाक टक्कर हुई। हालांकि, इस बेहद डरावने हादसे के बीच एक बहुत बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है।

अमेरिकी नौसेना (US Navy) ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि दोनों विमानों में सवार चारों क्रू मेंबर्स समय रहते 'इजेक्ट' (विमान से सुरक्षित बाहर निकलने में) करने में कामयाब रहे। सैन्य अधिकारियों के मुताबिक, चारों क्रू मेंबर्स को तुरंत मेडिकल सहायता दी गई और वर्तमान में उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।

अमेरिका के बंदरगाह से लापता हुआ मर्चेंट नेवी ऑफिसर, परिजनों में मचा हड़कंप

दर्शकों और जमीन पर मौजूद लोग बाल-बाल बचे

जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय एयर शो को देखने के लिए वहां हजारों की संख्या में दर्शक मौजूद थे। राहत की बात यह रही कि विमानों का मलबा आबादी वाले हिस्से से दूर गिरा, जिससे जमीन पर मौजूद किसी भी दर्शक, नागरिक या सैन्य कर्मी को कोई चोट नहीं आई है।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यह एयर शो पूरे आठ साल के लंबे अंतराल के बाद आयोजित किया जा रहा था। इससे पहले साल 2018 में हुए एयर शो के दौरान भी यहाँ एक बड़ा हादसा हुआ था, जिसमें एक हैंग-ग्लाइडर पायलट की दुखद मौत हो गई थी।

हादसे के बाद एयर शो रुका, सैन्य जांच के आदेश

क्रैश हुए दोनों लड़ाकू विमान वॉशिंगटन स्थित 'इलेक्ट्रॉनिक अटैक स्क्वाड्रन 129' (Electronic Attack Squadron 129) का हिस्सा थे। इस गंभीर दुर्घटना के तुरंत बाद प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए एयर शो को बीच में ही रोक दिया।

सीजफायर की उड़ी धज्जियां! ईरान में अमेरिका की केशम पोर्ट और बंदर अब्बास पर एयरस्ट्राइक

फिलहाल, फायर डिपार्टमेंट, स्थानीय पुलिस और इमरजेंसी मैनेजमेंट की टीमें मौके पर मौजूद हैं। अमेरिकी सैन्य अधिकारियों ने इस क्रैश को एक बेहद गंभीर घटना माना है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए एक उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी खराबी या मानवीय भूल, दोनों ही पहलुओं से इस हादसे की जांच की जा रही है।

Location :  Washington

Published :  18 May 2026, 8:16 AM IST

Advertisement