हिंदी
जानिए पूरा शेड्यूल एक नजर में!
New Delhi: फुटबॉल फैन्स के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी आ चुकी है। FIFA वर्ल्ड कप 2026 अपने अब तक के सबसे बड़े और भव्य स्वरूप में लौट रहा है। 11 जून से 19 जुलाई तक चलने वाला यह टूर्नामेंट (भारतीय समयानुसार 12 जून से 20 जुलाई) अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में आयोजित होगा। पहली बार इसमें 48 टीमें हिस्सा लेंगी, जिससे यह टूर्नामेंट इतिहास का सबसे लंबा और सबसे ज्यादा मैचों वाला वर्ल्ड कप बन जाएगा।
FIFA वर्ल्ड कप 2026 को तीन देशों अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको के 16 शहरों में आयोजित किया जाएगा। कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे, जिससे फुटबॉल फैंस को लगभग 39 दिनों तक लगातार रोमांच, ड्रामा और गोलों की बारिश देखने को मिलेगी। यह पहली बार होगा जब वर्ल्ड कप इतने बड़े पैमाने पर खेला जाएगा।
इस बार टूर्नामेंट का फॉर्मेट पूरी तरह बदल दिया गया है। 48 टीमों को 12 ग्रुप में बांटा गया है, जिनमें हर ग्रुप में 4-4 टीमें होंगी। ग्रुप स्टेज के बाद हर ग्रुप की टॉप-2 टीमें और इसके साथ ही सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली 8 तीसरे स्थान की टीमें नॉकआउट राउंड में प्रवेश करेंगी। इसके बाद मुकाबले राउंड ऑफ 32, राउंड ऑफ 16, क्वार्टरफाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल तक जाएंगे।
टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला 11 जून को मेक्सिको सिटी के प्रतिष्ठित एस्टाडियो एज़्टेका में मेक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाएगा। वहीं, फाइनल मुकाबला 19 जुलाई को न्यूयॉर्क/न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में आयोजित होगा, जहां दुनिया को नया विश्व चैंपियन मिलेगा।
वर्ल्ड कप की शुरुआत 1930 में सिर्फ 13 टीमों के साथ हुई थी। धीरे-धीरे इसका विस्तार होता गया और 1998 से 2022 तक इसमें 32 टीमें खेलती थीं। अब 2026 में पहली बार 48 टीमों का ऐतिहासिक विस्तार किया गया है, जो फुटबॉल के वैश्विक विस्तार को दर्शाता है।
भारतीय फुटबॉल टीम इस बार भी FIFA वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाई है, लेकिन भारतीय दर्शकों में उत्साह कम नहीं है। अर्जेंटीना, ब्राजील, फ्रांस, इंग्लैंड, स्पेन और पुर्तगाल जैसी दिग्गज टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी, जिससे मुकाबला और भी रोमांचक हो जाएगा।
भारत और मेजबान देशों के बीच समय अंतर के कारण ज्यादातर मैच देर रात और सुबह के समय होंगे। मुख्य मैच स्लॉट होंगे 12:30 AM, 3:30 AM, 6:30 AM और कुछ मुकाबले 7:30 AM (IST) पर। इसका मतलब है कि भारतीय फैंस को पूरी रात जागकर फुटबॉल का आनंद लेना होगा। उद्घाटन मैच मेक्सिको बनाम दक्षिण अफ्रीका 12 जून को 12:30 AM IST पर शुरू होने की संभावना है।
ग्रुप स्टेज: 11 जून- 27 जून
राउंड ऑफ 32: 28 जून-3 जुलाई
राउंड ऑफ 16: 4 जुलाई-7 जुलाई
क्वार्टरफाइनल: 9 जुलाई-11 जुलाई
सेमीफाइनल: 14 जुलाई-15 जुलाई
तीसरे स्थान का प्लेऑफ: 18 जुलाई
फाइनल: 19 जुलाई
ग्रुप स्टेज में कई हाई-वोल्टेज मुकाबले देखने को मिलेंगे, जिनमें ब्राज़ील vs मोरक्को, फ्रांस vs सेनेगल, अर्जेंटीना vs अल्जीरिया, स्पेन vs केप वर्डे और इंग्लैंड vs क्रोएशिया जैसे मैच शामिल हैं। ये मुकाबले टूर्नामेंट की दिशा तय करेंगे।
भारतीय फुटबॉल फैंस इस मेगा इवेंट को Zee नेटवर्क और ZEE5 जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर लाइव देख सकेंगे। लगातार 39 दिनों तक फुटबॉल का यह महाकुंभ दर्शकों को बांधे रखेगा।
Location : New Delhi
Published : 9 June 2026, 8:26 AM IST