“CM मान को कार बम से उड़ाएंगे…” पंजाब में धमकी भरे मेल से मचा हड़कंप

पंजाब में आए एक धमकी भरे ई-मेल ने अचानक कई शहरों की सुरक्षा व्यवस्था को हिला दिया। स्कूलों में अफरा-तफरी, बच्चों की छुट्टी और पुलिस की भागदौड़ के बीच कुछ ऐसे नाम भी सामने आए, जिन्होंने मामले को और गंभीर बना दिया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 7 May 2026, 2:59 PM IST
google-preferred

Chandigarh: पंजाब के जालंधर और फरीदकोट के कई स्कूलों और शिक्षण संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिले। धमकी में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को भी निशाना बनाने की बात कही गई।

धमकी सामने आते ही पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं। कई स्कूलों को खाली कराया गया और बच्चों को एहतियातन घर भेज दिया गया।

स्कूलों में मची अफरा-तफरी

जालंधर के बीएमसी चौक स्थित एपीजे स्कूल को ई-मेल के जरिए बम धमाका करने की चेतावनी मिली। सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए छात्रों की छुट्टी कर दी। बच्चों को अचानक घर भेजे जाने से अभिभावकों में भी डर और चिंता फैल गई। स्कूल परिसर में पुलिस और बम निरोधक दस्ते की टीमें पहुंचीं और पूरे इलाके की जांच शुरू की गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही देर में स्कूल के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

अब रेलवे स्टेशनों पर नहीं होगी धक्का-मुक्की! AI से रखी जाएगी नजर

5 से ज्यादा स्कूलों को मिली धमकी

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जालंधर में केवल एक नहीं बल्कि 5 से 6 स्कूलों को इसी तरह के धमकी भरे ई-मेल मिले हैं। एडीसीपी आकर्षि जैन ने बताया कि साइबर क्राइम टीम ई-मेल की जांच कर रही है और हर पहलू से मामले को खंगाला जा रहा है। फिलहाल किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

एक्टिवा ब्लास्ट के बाद बढ़ी चिंता

कुछ दिन पहले जालंधर के बीएसएफ चौक के पास हुए एक्टिवा ब्लास्ट की घटना के बाद पहले से ही सुरक्षा एजेंसियां सतर्क थीं। ऐसे में स्कूलों को मिली नई धमकियों ने प्रशासन की चिंता और बढ़ा दी है। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि क्या इन घटनाओं का आपस में कोई संबंध है।

तमिलनाडु में सत्ता का खेल: TVK प्रमुख विजय के राज तिलक पर ग्रहण, बढ़ा सियासी सस्पेंस…

फरीदकोट में भी अलर्ट

फरीदकोट में मुख्यमंत्री भगवंत मान की “शुकराना यात्रा” से पहले तीन शिक्षण संस्थानों को धमकी मिलने से सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। सादिक के सरकारी कन्या स्कूल, दशमेश पब्लिक स्कूल और दशमेश डेंटल कॉलेज को ई-मेल भेजकर बम धमाके की चेतावनी दी गई। इसके बाद पुलिस ने तुरंत संस्थानों को खाली करवाया और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं

डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने कार्रवाई शुरू कर दी थी। फिलहाल किसी भी परिसर से कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि छात्रों, शिक्षकों और स्टाफ की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

साइबर ट्रैकिंग से तलाश जारी

धमकी भरे ई-मेल किसने भेजे और उनका उद्देश्य क्या था, इसकी जांच साइबर विशेषज्ञों की मदद से की जा रही है। तकनीकी टीम ई-मेल की लोकेशन, आईपी एड्रेस और अन्य डिजिटल सबूतों को खंगाल रही है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि यह लोगों में डर फैलाने की साजिश भी हो सकती है।

घटना के बाद कई अभिभावक स्कूलों के बाहर पहुंचे और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।

Location :  Chandigarh

Published :  7 May 2026, 2:59 PM IST

Advertisement