हिंदी
पंजाब कांग्रेस को मिला नया अध्यक्ष
Chandigarh: एआईसीसी ने शुक्रवार को यूपी और पंजाब में संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। कांग्रेस ने भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और ओलंपियन परगट सिंह को पंजाब कांग्रेस का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले हुई इस नियुक्ति के साथ कांग्रेस ने दोआबा क्षेत्र के नेता को प्रदेश संगठन की जिम्मेदारी सौंपी है। परगट ने अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की जगह ली है।
परगट सिंह का जन्म 5 मार्च 1965 को पंजाब के जालंधर जिले के मीठापुर गांव में हुआ। मीठापुर को भारतीय हॉकी की नर्सरी माना जाता है, जहां से देश को कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मिले। उन्होंने अपनी स्कूली और कॉलेज की शिक्षा जालंधर से पूरी की। बचपन से ही हॉकी स्टिक थामने वाले परगट ने अपनी लगन और अनुशासन के दम पर बहुत कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमा ली थी।
परगट सिंह जालंधर कैंट से विधायक हैं और पंजाब के दोआबा क्षेत्र से आते हैं। परगट सिंह ने खेल के मैदान से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की। वह भारतीय हॉकी टीम के कप्तान रहे और ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इसके बाद उन्होंने राजनीति का रुख किया और 2012 में शिरोमणि अकाली दल के टिकट पर जालंधर कैंट विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा। उन्होंने यह चुनाव जीतकर सक्रिय राजनीति में कदम रखा।
2017 के विधानसभा चुनाव से पहले परगट सिंह कांग्रेस में शामिल हो गए। इसके बाद उन्होंने जालंधर कैंट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा और लगातार दूसरी बार विधायक चुने गए। 2022 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने जालंधर कैंट सीट बरकरार रखी। इस तरह वह इस सीट से तीन बार विधायक चुने जा चुके हैं।
2021 में नवजोत सिंह सिद्धू के पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद परगट सिंह को पीपीसीसी में महासचिव (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके बाद चरणजीत सिंह चन्नी के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार में उन्हें खेल और शिक्षा मंत्री बनाया गया।
संगठन को एकजुट रखना होगी चुनौती
प्रदेश कांग्रेस की कमान संभालने के बाद परगट सिंह के सामने संगठन को एकजुट रखने और वरिष्ठ नेताओं को साथ लेकर चलने की चुनौती होगी। पार्टी के भीतर पिछले कुछ समय से चल रही खींचतान के बीच उनका कार्यकाल महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस को पंजाब में अपना संगठन मजबूत करने पर भी काम करना होगा।
राजा वड़िंग 2022 से पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कमान संभाल रहे थे। लेकिन हाल के महीनों में संगठन के भीतर नेतृत्व को लेकर चल रहे मंथन और गुटबाजी की चर्चा के बीच उन्होंने पद छोड़ दिया है।
कांग्रेस पार्टी की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि परगट सिंह को तत्काल प्रभाव से पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया जाता है। वहीं, आज इस्तीफा सौंपने वाले अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को भी उनके कार्यकाल के लिए धन्यवाद दिया गया है।
Location : Chandigarh
Published : 2 October 2026, 11:35 PM IST