हिंदी
बंगाल हिंसा: कोलकाता के न्यू मार्केट में टीएमसी दफ्तर पर चला बुलडोजर(Source: google)
Kolkata: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राज्य के कई हिस्सों से हिंसा और तोड़फोड़ की खबरें सामने आ रही हैं। कोलकाता के ऐतिहासिक न्यू मार्केट इलाके में मंगलवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर बुलडोजर के साथ तृणमूल कांग्रेस (TMC) के दफ्तर पर हमला कर दिया। इस चुनावी हिंसा में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर घटना का वीडियो साझा करते हुए तंज कसा। उन्होंने लिखा, "कोलकाता का ऐतिहासिक न्यू मार्केट। बंगाली 'परिवर्तन' का आनंद ले रहे हैं।" वीडियो में भाजपा समर्थक जीत के जश्न के बीच टीएमसी कार्यालय को निशाना बनाते दिख रहे हैं।
उत्तर 24 परगना के स्वरूपनगर से नवनिर्वाचित टीएमसी विधायक बीना मंडल के घर पर भी मंगलवार को भीड़ ने हमला किया। बोंगांव में उनके आवास पर तोड़फोड़ की गई और उनकी निजी गाड़ी को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। विधायक ने इस हमले का सीधा आरोप भाजपा कार्यकर्ताओं पर लगाया है।
टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जीत के उत्सव के नाम पर राज्य भर में तृणमूल कांग्रेस के 300 से 400 कार्यालयों में तोड़फोड़ की गई है। उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताई और कार्यकर्ताओं पर हो रहे हमलों की निंदा की।
राज्य में बढ़ती हिंसा पर चुनाव आयोग (EC) ने कड़ा संज्ञान लिया है। आयोग ने मुख्य सचिव और डीजीपी को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि चुनाव बाद की हिंसा को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) को तैनात रहने और शांति भंग करने वालों पर बिना किसी नरमी के निर्णायक कार्रवाई करने का आदेश दिया गया है।
Location : Kolkata
Published : 6 May 2026, 6:52 AM IST