Maharajganj News: भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय के स्वागत में कार्यकर्ताओं ने दिखाई ताकत

महराजगंज में भाजपा के नवनिर्वाचित क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय के प्रथम आगमन पर कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह भव्य स्वागत किया। जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने का संदेश दिया।

Maharajganj: भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय के जनपद में प्रथम आगमन पर गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। पहले कतरारी बॉर्डर पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय एवं पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह के नेतृत्व में क्षेत्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया गया। इसके बाद परतावल में पूर्व ब्लॉक प्रमुख निर्भय सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। सेमरा टोल प्लाजा पर सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया के नेतृत्व में हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के साथ जोरदार स्वागत किया। नगर के सक्सेना तिराहे पर नगर अध्यक्ष आकाश श्रीवास्तव के नेतृत्व में भी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका अभिनंदन किया।

'कार्यकर्ता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत'

भाजपा जिला कार्यालय पहुंचने पर क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों और संगठनात्मक कार्यक्रमों में पूरे उत्साह, ऊर्जा और समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया।

महराजगंज के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी अधिक: विनोद राय

विनोद राय ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि महराजगंज प्रदेश सरकार के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय राज्य मंत्री का जनपद है, इसलिए यहां के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की प्रतिष्ठा बनाए रखने और प्रदेश नेतृत्व का सम्मान बढ़ाने की अपील की।

जिलाध्यक्ष ने जताया भरोसा

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने कहा कि संगठन के कुशल शिल्पी के नेतृत्व में कार्य करने का अवसर जिले के कार्यकर्ताओं के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि विनोद राय के नेतृत्व में भाजपा संगठन और अधिक मजबूत होगा ।

कार्यक्रम को जिला प्रभारी राम जियावन मौर्य, क्षेत्रीय महामंत्री सुनील गुप्ता, विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, जय मंगल कन्नौजिया, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष समीर त्रिपाठी, वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश पटेल सहित अनेक नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Location :  Maharajganj

Published :  9 July 2026, 6:14 PM IST

Related News

Advertisement