हिंदी
राहुल गांधी और देवेंद्र फडणवीस (Image: Dynamite News:
Mumbai: महाराष्ट्र की राजनीति में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस आयोजन को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के मुद्दों की बात करने के नाम पर कांग्रेस एक राजनीतिक कार्यक्रम चला रही है। इसके लिए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को पैसे देकर बुलाया गया।
देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राहुल गांधी का यह कार्यक्रम छात्रों के हितों से जुड़ा नहीं है, बल्कि कांग्रेस का एक सोचा-समझा इवेंट है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि कार्यक्रम में उन्हीं छात्रों को ज्यादा तवज्जो दी गई जो कांग्रेस नेताओं से जुड़े कॉलेजों में पढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि इस वजह से पूरे आयोजन की मंशा पर सवाल खड़े होते हैं। फडणवीस ने आरोप लगाया कि अब यह भी सामने आ रहा है कि कार्यक्रम को लोकप्रिय दिखाने के लिए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को 25 हजार रुपये तक देकर बुलाया जा रहा है। उनका कहना है कि इन लोगों का काम कार्यक्रम की सकारात्मक छवि बनाना और युवाओं के बीच इसे प्रचारित करना है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए कई स्तरों पर तैयारी की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को कार्यक्रम में आने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है और उन्हें सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। फडणवीस के मुताबिक, कई लोगों के लिए बसों की व्यवस्था भी की गई ताकि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थिति दिखाई जा सके। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता इस तरह की राजनीति को समझती है और कांग्रेस को इससे कोई राजनीतिक लाभ नहीं मिलने वाला है।
फडणवीस ने पुणे के सीओईपी में हुए कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान जिस तरह का हंगामा हुआ, वह सभी ने देखा। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के साथ भी मारपीट की गई। मुख्यमंत्री ने इस पूरे घटनाक्रम को एक रणनीति का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह किसी फिल्म को चर्चा में लाने के लिए विवाद खड़ा किया जाता है, उसी तरह इस कार्यक्रम को भी सुर्खियों में लाने की कोशिश की गई। फडणवीस के इस बयान के बाद महाराष्ट्र में राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस की ओर से अभी इस आरोपों पर विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन आने वाले दिनों में यह मुद्दा और गरमा सकता है।
Location : Mumbai
Published : 23 August 2026, 1:12 PM IST