हिंदी
Mainpuri: समाजवादी पार्टी की लोकसभा सांसद डिंपल यादव सैफई पहुंचीं, जहां उन्होंने धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान डिंपल यादव ने हनुमान जी की प्रतिमा के दर्शन-पूजन किए और भंडारे में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।
सैफई में आयोजित इस भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन डिंपल यादव और उनकी बेटी टीना यादव की ओर से किया गया था। दोनों ने श्रद्धालुओं के बीच जाकर प्रसाद वितरित किया और सेवा कार्य में भागीदारी निभाई।
डिंपल यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि बड़े मंगल पर दर्शन और भंडारे में सेवा के ये सौभाग्यशाली क्षण हैं। उन्होंने पोस्ट में प्रार्थना करते हुए कहा कि हनुमान जी की कृपा सब पर बनी रहे।
सैफई में हुए इस कार्यक्रम की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें डिंपल यादव श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण करती नजर आ रहीं हैं। स्थानीय लोगों ने इस धार्मिक और सामाजिक पहल की सराहना की।
Location : Mainpuri
Published : 23 June 2026, 8:22 PM IST