हिंदी
राम मंदिर चढ़ावा और कोचिंग हादसे पर जवाब दे सरकार
Deoria: सलेमपुर से समाजवादी पार्टी के सांसद रमाशंकर विद्यार्थी ने अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े कथित मामले और लखनऊ कोचिंग सेंटर हादसे को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर के चढ़ावे में बड़ा घोटाला हुआ है और इसकी निष्पक्ष जांच नहीं कराई जा रही है
सांसद ने कहा कि राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर उठे सवालों के बावजूद बिना एफआईआर दर्ज किए एसआईटी का गठन कर दिया गया, जबकि उनके अनुसार एसआईटी जांच की प्रक्रिया एफआईआर के बाद ही आगे बढ़नी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हिंदुओं की आस्था पर चोट है। उन्होंने कहा कि चांदी और अन्य कीमती वस्तुओं का दान देने वाले लोग भी अपने चढ़ावे को लेकर सवाल उठा रहे हैं, लेकिन मामले में दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने इसे हिंदू धर्म के खिलाफ बड़ा अधर्म बताया।
वहीं लखनऊ कोचिंग सेंटर हादसे के सवाल पर रमाशंकर विद्यार्थी ने कहा कि यह क्षेत्र प्रदेश के उप मुख्यमंत्री से जुड़ा क्षेत्र है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस भवन में यह घटना हुई, वह उप मुख्यमंत्री के करीबी व्यक्ति का बताया जा रहा है। सांसद ने कहा कि सत्ता संरक्षण के कारण नियमों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई, जिसके चलते यह हादसा हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोग प्रशासनिक अधिकारियों और विभागीय निर्देशों को भी गंभीरता से नहीं लेते हैं और इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ता है।
सपा सांसद ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार का ध्यान स्वास्थ्य, शिक्षा, बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों पर नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विरोध की आवाज उठाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करती है और लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता सरकार की कार्यशैली को समझ रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी। सपा कार्यालय पर वीरांगना महारानी दुर्गावती का बलिदान दिवस के अवसर पर पहुंचे थे ।
Location : Deoria
Published : 24 June 2026, 5:57 PM IST
Topics : Deoria Ram Mandir Donation uttar pradesh