कांग्रेस का कल देशभर में व्यापक प्रदर्शन का ऐलान, विपक्षी नेताओं की हिरासत से गरमाई सियासत

कांग्रेस ने बुधवार को विपक्षी सांसदों को रोके जाने और नेताओं की हिरासत के विरोध में 8 अक्टूबर को 'काला दिवस' मनाने का एलान किया है। पार्टी देशभर में प्रदर्शन करेगी। इसके साथ ही पार्टी ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और इंडिया ब्लॉक के सांसदों के साथ कथित तौर पर बलपूर्वक व्यवहार और लाठीचार्ज का आरोप लगाया।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 7 October 2026, 10:54 PM IST
google-preferred

New Delhi: कांग्रेस ने गुरुवार को देशभर में व्यापक प्रदर्शन का ऐलान किया है। बुधवार को विपक्षी सांसदों को रोके जाने और नेताओं की हिरासत के विरोध में 8 अक्टूबर को 'काला दिवस' मनाने का एलान किया है।

पार्टी ने कहा है कि इस दिन राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर पर व्यापक विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। कांग्रेस का यह फैसला मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी सांसदों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई और नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में आया है।

कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं से व्यापक प्रदर्शन की अपील की

कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की ओर से जारी संदेश में 8 अक्तूबर को राज्य, जिला और ब्लॉक/मंडल स्तर पर व्यापक विरोध प्रदर्शन करने को कहा गया है। पार्टी ने इसे बेहद जरूरी बताते हुए सभी संबंधित इकाइयों से तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है।

केसी वेणुगोपाल ने अपने सभी कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता और जनता के निर्वाचित प्रतिनिधियों पर यह हमला स्वयं संविधान पर हमला है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस आज के दिन को भारतीय लोकतंत्र के लिए "काला दिवस" घोषित करती है।

कांग्रेस महासचिव कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस इस लड़ाई को तब तक निरंतर जारी रखेगी, जब तक श्री ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटा नहीं दिया जाता और हमारी चुनावी व्यवस्था की अखंडता पूरी तरह बहाल नहीं हो जाती।

 चुनाव आयुक्तों से मिलना चाहते थे सांसद

प्रियंका गांधी ने दावा किया कि 300 से ज्यादा सांसद चुनाव आयुक्तों से मिलने की मांग कर रहे हैं। उनके मुताबिक, विपक्षी सांसद कथित 'वोट चोरी' से जुड़े मुद्दे निर्वाचन आयोग के सामने रखना चाहते हैं और चुनाव आयुक्तों के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सांसद शांतिपूर्वक तरीके से आयोग तक जाना चाहते थे, लेकिन उन्हें रास्ते में रोक दिया गया। विपक्ष ने चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर अपना विरोध तेज किया है।

Rahul Gandhi: कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी को हिरासत में ले जा रही बस का टायर किया पंचर, जंतर-मंतर पर जबरदस्त बवाल

राहुल-प्रियंका समेत विपक्षी सांसदों को रोका गया

बुधवार को इंडिया ब्लॉक के सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया। इस दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी सांसदों को हिरासत में लिया गया। विपक्षी सांसद ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

INDIA Bloc Protest: सड़क पर लेटीं, जमकर की नारेबाजी, प्रदर्शन के दौरान प्रियंका गांधी को पुलिस ने लिया हिरासत में

कांग्रेस का आरोप है कि मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के नेतृत्व में सांसद निर्वाचन आयोग से मिलकर अपनी शिकायतें रखना चाहते थे, लेकिन उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया गया। पार्टी ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा मुद्दा बताया है।

 

Location :  New Delhi

Published :  7 October 2026, 10:37 PM IST

Advertisement