

BMW इंडिया ने 1 सितंबर से अपनी कारों की कीमतों में 3% बढ़ोतरी का ऐलान किया है। यह इस साल की तीसरी प्राइस हाइक है, जिससे अब तक कीमतें 10% तक बढ़ चुकी हैं। कंपनी ने इसकी वजह क्या बताया है, जानिए यहां।
तीसरी बार महंगी हुई BMW कारें
New Delhi: जर्मन लग्जरी कार निर्माता BMW India ने घोषणा की है कि वह आगामी 1 सितंबर 2025 से भारत में अपनी सभी कारों की कीमतों में 3% तक की वृद्धि करेगी। यह इस साल की तीसरी बार प्राइस हाइक है, जिससे कुल मिलाकर BMW कारें लगभग 10% तक महंगी हो चुकी हैं। कंपनी का कहना है कि यह कदम वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों, इनपुट लागत और सप्लाई चेन की चुनौतियों के कारण उठाया गया है।
BMW इंडिया ने बताया कि डॉलर-रुपए की विनिमय दर में अस्थिरता, कच्चे माल की लागत में बढ़ोतरी, लॉजिस्टिक्स में आई दिक्कतें और वैश्विक स्तर पर उत्पादन में आ रही बाधाएं इस निर्णय के पीछे मुख्य कारण हैं। इससे मैन्युफैक्चरिंग कॉस्ट में इजाफा हुआ है, जिसका सीधा असर ग्राहकों तक पहुंच रहा है।
भारत में BMW की एंट्री-लेवल कार 2 Series Gran Coupe की कीमत फिलहाल ₹46.90 लाख (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है, जबकि फ्लैगशिप परफॉर्मेंस SUV BMW XM की कीमत ₹2.60 करोड़ (एक्स-शोरूम) तक जाती है। 3% की बढ़ोतरी के बाद कीमतें ₹1.5 लाख से ₹7 लाख तक बढ़ सकती हैं, जो मॉडल के हिसाब से अलग-अलग होंगी।
BMW कारें होंगी 1 सितंबर से महंगी
BMW अपने चेन्नई प्लांट में निम्न मॉडल्स की असेंबली करती है
2 Series Gran Coupe
3 Series LWB
5 Series LWB
7 Series
X1, X3, X5, X7
iX1 और M340i
वहीं, कुछ हाई-एंड मॉडल्स जैसे i4, i5, i7 M70, Z4, M8 Coupe, XM आदि को पूरी तरह से आयात कर बेचा जाता है।
बढ़ती कीमतों के बावजूद BMW की सेल्स पर कोई असर नहीं पड़ा है। 2025 की पहली छमाही में कंपनी ने रिकॉर्ड सेल्स दर्ज की है। BMW का कहना है कि उसका प्रीमियम कस्टमर बेस, ब्रांड लॉयल्टी और विश्वसनीयता इसके पीछे की बड़ी वजहें हैं।
त्योहारों के सीजन को देखते हुए BMW ग्राहकों के लिए आकर्षक प्लान्स ला रही है। इसमें ईएमआई प्लान, लीजिंग ऑप्शन, बाय-बैक गारंटी और कुछ नए मॉडल्स की लॉन्चिंग शामिल है। इससे कस्टमर को उच्च कीमतों के बावजूद कार खरीदने में सहूलियत मिलेगी।