हिंदी
दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश और तेज हवाओं से मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और आने वाले दिनों में उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर तक कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-NCR आंधी-तूफान का अलर्ट (Image Source: Internet)
New Delhi: राजधानी दिल्ली और एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। दिनभर धूप-छांव के बाद शाम होते-होते कई इलाकों में तेज आंधी और हल्की बारिश शुरू हो गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।
बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने पहले ही दिल्ली में तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया था, जो अब सही साबित होता नजर आ रहा है। आने वाले कुछ दिनों तक इसी तरह मौसम के बदले रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम सक्रिय रहेगा। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 29 से 31 मार्च के बीच हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
Iran-US War: जंग करीब? ईरानी सेना हाई अलर्ट पर… कमांडर जहांशाही ने दिया बड़ा संदेश, पढ़ें पूरी खबर
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 29 और 30 मार्च को गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी 29 से 31 मार्च के बीच बारिश के आसार हैं। इन इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, खासकर तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए।
पूर्वोत्तर भारत में पूरे सप्ताह मौसम काफी सक्रिय रहने वाला है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई जगहों पर भारी बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी 26 और 27 मार्च को भारी वर्षा हो सकती है। वहीं, दक्षिण भारत में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश के आसार हैं।
कोंकण-गोवा और केरल में गर्म और आर्द्र मौसम बना रहेगा, लेकिन बीच-बीच में बारिश से राहत मिल सकती है। कुल मिलाकर देशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है और कई राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।