हिंदी
कई राज्यों में बदला मौसम (सोर्स- इंटरनेट)
नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में शनिवार को मौसम ने करवट ली। राजस्थान और मध्य प्रदेश को छोड़कर उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात भी हुआ, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।
डाइनामाइट न्यूज़ के संवाददाता के अनुसार, मौसम विभाग ने रविवार को भी देश के 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं कश्मीर घाटी में भारी बर्फबारी के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है। गुरेज में आठवीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। सिंथन टॉप और राजदान पास में ताजा बर्फबारी के कारण प्रमुख मार्गों को बंद कर दिया गया है। अमरनाथ गुफा के आसपास और अफरवट, मच्छिल, पीर पंजाल की पहाड़ियों में भी बर्फ की मोटी चादर बिछ गई है। इससे पर्यटन पर भी असर पड़ा है।
इसके अलावा, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, चंडीगढ़, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड में ऑरेंज अलर्ट के बीच तेज हवाएं चली। साथ ही कई अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि के साथ-साथ भारी बारिश भी दर्ज हुई।
पंजाब के कैथल सहित कई जिलों में तेज आंधी और बारिश से सैकड़ों पेड़ गिर गए और करीब 130 बिजली के खंभे उखड़ गए। इससे कई गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। साथ ही गेहूं की खड़ी फसल को भी भारी नुकसान हुआ है। हरियाणा के कई ग्रामीण रूटों पर पेड़ों के गिरने से यातायात भी प्रभावित हुआ।
एक नई अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट के अनुसार, अगर वैश्विक तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होती है, तो दुनिया की 52 प्रतिशत कृषि योग्य भूमि पर फसलों की विविधता में भारी गिरावट आएगी। इस शोध में खासतौर पर उप-सहारा अफ्रीका और दक्षिण एशिया जैसे क्षेत्रों को सबसे ज्यादा खतरे में बताया गया है, जहां खेती पहले से ही जलवायु पर निर्भर है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर से लेकर केरल और पूर्वोत्तर राज्यों तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। उत्तर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और झारखंड-बांग्लादेश के आसपास चक्रवातीय परिसंचरण के चलते अगले कुछ दिनों तक बारिश, ओलावृष्टि और आंधी का सिलसिला जारी रह सकता है। इससे किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Location : New Delhi
Published : 20 April 2025, 3:33 AM IST
Topics : IMD report Rain Weather Update