हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
New Delhi: देश के कई हिस्सों में जहां लोग भीषण गर्मी और लू से परेशान हैं, वहीं मौसम विभाग (IMD) ने एक बड़ी राहत और चेतावनी दोनों साथ जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, देश के 17 राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।
इसका मुख्य कारण एक ओर दक्षिण-पश्चिम मानसून का तेजी से पूर्वोत्तर भारत की तरफ बढ़ना है, तो दूसरी ओर एक नए और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) का दस्तक देना है। इन दोनों प्रणालियों के सक्रिय होने से अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है।
मौसम विभाग के लेटेस्ट अपडेट के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने पूरे सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के अधिकांश क्षेत्रों को कवर करते हुए अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। अनुमान है कि आने वाले 4-5 दिनों में मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों में प्रवेश कर जाएगा।
महराजगंज में उमस भरी गर्मी के बाद बारिश ने बदला मौसम का मिजाज, तापमान में आई गिरावट
इसके प्रभाव से अगले 5 से 7 दिनों के दौरान केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 15 जून तक व्यापक वर्षा जारी रहने की संभावना है।
सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में 11 और 12 जून को मौसम में भारी उलटफेर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड में तेज आंधी-तूफान की संभावना व्यक्त की है।
इस दौरान 60 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। दिल्ली में 10 जून को आसमान में बादलों की आवाजाही रहेगी और तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, लेकिन 11 व 12 जून को धूल भरी आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की पूरी संभावना है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों जैसे मेरठ, गोरखपुर, देवरिया और आगरा में 10 जून को गरज-चमक के साथ आंधी की चेतावनी है, जबकि प्रयागराज, चित्रकूट और झांसी जैसे इलाकों में अभी लू (Heatwave) का प्रकोप रहेगा। हालांकि, 11 जून से पूरे यूपी में मौसम पलटी मारेगा और 70 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ बारिश होगी।
बिहार में भी 11 और 12 जून को भारी बारिश का अलर्ट है और अगले 4-5 दिनों में मानसून वहां दस्तक दे सकता है। राजस्थान के जयपुर, जोधपुर और अजमेर समेत कई इलाकों में 11 से 15 जून के बीच धूल भरी आंधी और बारिश की गतिविधियां दर्ज की जाएंगी।
पहाड़ी राज्यों की बात करें तो हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में 11 और 12 जून को मौसम सबसे ज्यादा खराब रहने का अनुमान है। उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल और हरिद्वार सहित कई जिलों में 10 से 15 जून तक बारिश का दौर जारी रहेगा, जबकि 11-12 जून को यहां ओलावृष्टि (Hailstorm) की आशंका है।
हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के भी कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने सलाह दी है कि लोग घरों से निकलने से पहले मौसम का अपडेट जरूर लें।
Location : New Delhi
Published : 10 June 2026, 7:45 AM IST