हिंदी
मौसम का मिजाज
Maharajganj : कोल्हुई क्षेत्र में बुधवार की सुबह मौसम ने अचानक करवट बदल ली। सुबह होते ही आसमान में घने बादल छा गए और कुछ ही देर में पूरा इलाका अंधकारमय सा हो गया। इसके बाद तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। जिससे मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया। अचानक हुए इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली।
बारिश शुरू होने से पहले चली तेज हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। हवा की रफ्तार इतनी तेज थी कि सड़क पर चल रहे लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। कई लोग दुकानों और घरों में रुककर मौसम के सामान्य होने का इंतजार करते दिखे।
पिछले कई दिनों से क्षेत्र में पड़ रही तेज धूप और उमस भरी गर्मी से लोग परेशान थे। बुधवार सुबह हुई बारिश के बाद मौसम में ठंडक घुल गई और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने इस बदलते मौसम का आनंद लिया और राहत महसूस की।
यह बारिश किसानों के लिए भी राहत लेकर आई है। इस समय धान की फसल की तैयारी चल रही है और खेतों में रोपाई का काम शुरू होने वाला है। ऐसे में हुई बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी बनी रहेगी, जिससे किसानों को सिंचाई पर होने वाले खर्च में भी राहत मिलेगी।
Location : Maharajganj
Published : 10 June 2026, 7:07 AM IST