हिंदी
आंधी-तूफान का कहर (Img- Internet)
New Delhi: मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर भारत के कई राज्यों में मानसून का इंतजार कर रहे लोगों के बीच एक बार फिर बारिश और आंधी-तूफान का बड़ा अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक, आज यानी 17 जून को देश के 16 राज्यों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। अगले 10 घंटों के भीतर इन राज्यों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।
हरियाणा और उसके आसपास के इलाकों में हवा का ऊपरी चक्रवाती संचरण बनने के कारण यह मौसमी बदलाव देखा जा रहा है। मौसम विभाग ने तटीय इलाकों के मछुआरों को समंदर में न जाने की सलाह दी है, जबकि फसलों के नुकसान की आशंका को देखते हुए किसानों को भी विशेष सावधानी बरतने के लिए सचेत किया गया है। पहाड़ी राज्यों में भी तेज तूफान और बारिश का कहर देखने को मिल सकता है।
दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों (NCR) में आज 17 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। यहाँ अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। 18 और 19 जून को भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहेगा, जहां तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी के साथ अधिकतम पारा 41 डिग्री तक पहुंच सकता है। हालांकि, दिल्लीवासियों को असली राहत 20 जून को मिलेगी, जब मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना जताई है।
Weather Update: दिल्ली-NCR में बार-बार मौसम ने बदला मिजाज, आंधी-बारिश से मिली राहत
उत्तर प्रदेश में आज कुदरत का दोहरा रूप देखने को मिल सकता है। राज्य के मेरठ, मथुरा, आगरा, अलीगढ़, रायबरेली, एटा, इटावा, कानपुर, वाराणसी और प्रयागराज सहित कई प्रमुख जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी आंधी चलने की आशंका है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे आंधी के समय सुरक्षित स्थानों पर रहें और पेड़ों या जर्जर इमारतों के नीचे शरण न लें।
बिहार के गया, पटना, पश्चिमी व पूर्वी चंपारण, वैशाली, दरभंगा और मुजफ्फरपुर सहित कुल 20 जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मानसून से ठीक पहले आ रहे इस चक्रवाती तूफान के कारण आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने का भी खतरा बना हुआ है, जिससे जान-माल के नुकसान की आशंका है।
जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामुला, गांदरबल सहित दक्षिण कश्मीर और त्राल क्षेत्र में तेज बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। विशेष रूप से सोनमर्ग–बालटाल और पहलगाम से पवित्र अमरनाथ गुफा की ओर जाने वाले मार्गों पर ओलावृष्टि, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ मौसम बेहद खराब हो सकता है। 18 से 22 जून के दौरान भी बीच-बीच में हल्की बारिश और ओलावृष्टि के साथ मौसम अस्थिर रहेगा, जिसे देखते हुए यात्रियों को सतर्क रहने को कहा गया है।
Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में अचानक बदला मौसम, तेज हवाओं के साथ आंधी-बारिश का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली, कुल्लू, मंडी और कांगड़ा में मध्यम बारिश और 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी है। मनाली में तापमान गिरकर अधिकतम 13 डिग्री और न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं उत्तराखंड के बागेश्वर, नैनीताल, हरिद्वार और ऋषिकेश जैसे क्षेत्रों में 50 से 60 किमी की रफ्तार से आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट है, जिससे भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है।
दक्षिण भारत की बात करें तो तमिलनाडु के सलेम, तिरुचि, कल्लाकुरिची और मयिलादुथुराई जिलों में मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की उम्मीद है। इसके अलावा मदुरै, रामनाथपुरम और शिवगंगा जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी और कराईकल में कम से कम एक और सप्ताह तक बारिश का यह दौर जारी रहने का अनुमान लगाया गया है।
Location : New Delhi
Published : 17 June 2026, 7:50 AM IST