हिंदी
राघव चड्ढा ( Img: Google)
New Delhi: पंजाब की सियासत में एक नया ‘सुरक्षा कांड’ खड़ा हो गया है, जिसने राजनीति के गलियारों में हलचल मचा दी है। आम आदमी पार्टी के बड़े नेता राघव चड्ढा को पहले उनकी ही सरकार ने सुरक्षा से वंचित कर दिया और कुछ ही घंटों में केंद्र सरकार ने उन्हें Z कैटेगरी की हाई सिक्योरिटी दे दी।
सूत्रों के मुताबिक, पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार ने अचानक राघव चड्ढा की सुरक्षा वापस लेने का फैसला लिया। यह वही सुरक्षा थी जो उन्हें 2022 में सरकार बनने के बाद दी गई थी और लगातार जारी थी। लेकिन हाल के महीनों में पार्टी और चड्ढा के बीच बढ़ती दूरी ने इस फैसले को जन्म दिया। दरअसल, पार्टी के अंदर चल रही खींचतान अब खुलकर सामने आने लगी है। राघव चड्ढा को राज्यसभा में पार्टी के उपनेता पद से हटाया गया और उनके बोलने पर भी रोक लगा दी गई। उनकी जगह अशोक मित्तल को यह जिम्मेदारी दी गई।
पंजाब सरकार के फैसले के तुरंत बाद केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए राघव चड्ढा को Z कैटेगरी की सुरक्षा दे दी। सूत्र बताते हैं कि यह फैसला इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) की थ्रेट परसेप्शन रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है। अब राघव चड्ढा को दिल्ली और पंजाब में Z सिक्योरिटी मिलेगी, जबकि देश के अन्य हिस्सों में Y+ सुरक्षा दी जाएगी।
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने राघव चड्ढा का किया समर्थन, कहा- AAP को हो सकता है भारी नुकसान
Z कैटेगरी सुरक्षा भारत में सबसे मजबूत सुरक्षा व्यवस्थाओं में से एक मानी जाती है। इसमें करीब 22 सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाते हैं। इनमें NSG कमांडो, दिल्ली पुलिस, CRPF और ITBP के जवान शामिल होते हैं। यह सुरक्षा आमतौर पर उन लोगों को दी जाती है, जिनकी जान को उच्च स्तर का खतरा होता है।
राघव चड्ढा और आम आदमी पार्टी के बीच मतभेद लंबे समय से चल रहे थे, लेकिन अब ये खुलकर सामने आ चुके हैं। पार्टी के कई बड़े नेताओं जैसे अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह के जेल जाने के दौरान चड्ढा की चुप्पी पार्टी नेतृत्व को नागवार गुजरी।
‘मैं घायल हूं, इसलिए खतरनाक हूं!’ राघव चड्ढा का बड़ा पलटवार, AAP में अंदरूनी जंग तेज?
जब राघव चड्ढा को राज्यसभा में बोलने से रोका गया, तो उन्होंने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उन्हें खामोश जरूर किया जा सकता है, लेकिन हराया नहीं जा सकता। इसके बाद उन्होंने लगातार वीडियो जारी कर पार्टी के आरोपों का जवाब देना शुरू कर दिया।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच एक और बड़ा मोड़ तब आया, जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अशोक मित्तल के जालंधर स्थित घर और उनकी यूनिवर्सिटी पर छापेमारी की। अशोक मित्तल वही नेता हैं, जिन्हें राघव चड्ढा की जगह राज्यसभा में उपनेता बनाया गया है।
Location : New Delhi
Published : 15 April 2026, 2:12 PM IST