हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स- Pinterest)
New Delhi: नीट-यूजी पेपर देने के लिए रविवार को परीक्षा केंद्रों के बाहर ऐसे कई भावुक दृश्य देखने को मिले, जब समय पर नहीं पहुंच पाने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश से वंचित कर दिया गया। केंद्रों के बाहर छात्र-छात्राएं रोते हुए सुरक्षाकर्मियों से अंदर जाने की गुहार लगाते रहे, लेकिन किसी को भी राहत नहीं मिली।
नजफगढ़ से कड़कड़डूमा स्थित पीएमश्री स्कूल केंद्र पर एक छात्रा महज पांच मिनट देरी से पहुंची। छात्रा के अभिभावक ने बताया कि रास्ते में बाइक खराब हो गई, जिससे उन्हें मेट्रो से सफर करना पड़ा। अभिभावक की आंखों में बेबसी साफ झलक रही थी और छात्रा की आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने कहा, सिर्फ पांच मिनट की देरी ने मेरी बच्ची का पूरा साल खराब कर दिया।
कई अन्य अभ्यर्थी केवल दो से तीन मिनट की देरी से पहुंचने के कारण परीक्षा देने से वंचित रह गए। पंडारा रोड स्थित सीएम श्री स्कूल में अभ्यर्थियों को तपती धूप में खड़ा किया गया, जिससे अभिभावकों ने नाराजगी जताई। स्कूल परिसर में प्रवेश मिलने के बाद बच्चे धूप में खड़े रहे। अभिभावकों ने कहा कि कूलिंग पॉइंट स्कूल के बाहर के बजाय अंदर बनाना चाहिए था, ताकि धूप से राहत मिलती।
दिल्ली सरकार ने दावा किया कि नीट परीक्षा के दौरान कूलिंग जोन का करीब 45 हजार परीक्षार्थियों और अभिभावकों ने लाभ उठाया। भीषण गर्मी के बीच परीक्षा केंद्रों के बाहर बनाए गए कूलिंग जोन, पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा सुविधाओं ने अभिभावकों को राहत दी। दिल्ली सरकार ने राजधानी के सभी 97 नीट परीक्षा केंद्रों के बाहर कूलिंग जोन बनाए थे। दोपहर 12 बजे से शाम को करीब 5:30 बजे तक इनमें बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पानी, ओआरएस, शिकंजी, चाय और प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
NEET-UG Exam: नीट-यूजी की परीक्षा पात्रता मानदंड में संशोधन, जानिये एनएमसी के नये नियम
नीट-यूजी री-एग्जाम रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुआ। पंडारा रोड स्थित सीएम श्री स्कूल और कड़कड़डूमा स्थित पीएम श्री स्कूल समेत अन्य परीक्षा केंद्रों पर बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए, ताकि परीक्षा केंद्रों पर किसी तरह की कोई गड़बड़ी न हो। परीक्षा केंद्रों पर सुबह करीब 11 बजे से ही अभ्यर्थी अपने अभिभावक के साथ आने लगे। पेपर खत्म होने के बाद अभ्यर्थियों ने बताया कि पेपर कैसा था। कुछ ने कहा कि पेपर आसान लगा, तो किसी ने बताया कि पेपर बहुत मुश्किल था।
Location : New Delhi
Published : 22 June 2026, 1:16 PM IST