हिंदी
कई राज्यों में झमाझम बारिश के आसार (Img- Pinterest)
New Delhi: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली समेत देश के 16 राज्यों में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर एक कम दबाव का क्षेत्र विकसित हो गया है।
इसके प्रभाव से अगले 5 से 6 दिनों तक देश के मध्य और उत्तरी हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। इस दौरान 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कई जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
राजधानी दिल्ली में मानसून का व्यापक असर देखने को मिल रहा है। दिल्ली में आज सुबह से ही हल्की से भारी बारिश और 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी है। यहाँ तापमान 30 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं उत्तर प्रदेश के मेरठ, आगरा, मुरादाबाद और कानपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
यूपी में 5 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में और तेजी आएगी। बिहार के भोजपुर, बक्सर और पूर्णिया जैसे जिलों में भी 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान के जयपुर, उदयपुर, अजमेर और बीकानेर समेत कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। पश्चिमी राजस्थान में धूलभरी आंधी चलने की भी संभावना है, जबकि 4 से 8 जुलाई के बीच यहाँ बारिश का दौर और तेज होगा। दूसरी ओर, झारखंड के रांची, जमशेदपुर और धनबाद सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। झारखंड में भी 4 जुलाई के बाद भारी बारिश होने के आसार जताए गए हैं।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों में यात्रा करने वालों के लिए मौसम विभाग ने विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल और हरिद्वार समेत कई जिलों में आज बारिश की संभावना है, जबकि 4 से 8 जुलाई के बीच भारी बारिश का अलर्ट है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन (Landslide) और अचानक जलभराव का खतरा बना रहेगा। हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू और मनाली में भी 5 से 8 जुलाई के बीच भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है, जिससे फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) का जोखिम बढ़ सकता है। जम्मू-कश्मीर में भी बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा।
Location : New Delhi
Published : 3 July 2026, 8:25 AM IST