हिंदी
मिडिल ईस्ट तनाव के बीच भारत में LPG संकट पर बड़ी राहत मिली है। न्यू मंगलुरु पोर्ट पर हजारों टन गैस की खेप पहुंच रही है। जानें कब आएंगे टैंकर, कितनी गैस मिलेगी और कैसे सुधरेगी सप्लाई।
न्यू मंगलुरु पोर्ट पर हजारों टन गैस की खेप (Img Source: Google)
New Delhi: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और युद्ध जैसी स्थिति का असर अब एशियाई देशों के ऊर्जा सेक्टर पर साफ दिखाई दे रहा है। भारत भी इससे अछूता नहीं है, क्योंकि देश अपनी बड़ी मात्रा में LPG और कच्चे तेल के लिए आयात पर निर्भर है।
हाल के दिनों में गैस सप्लाई में देरी और बढ़ती मांग के चलते LPG की कमी महसूस की जा रही थी। हालांकि अब इस संकट के बीच एक राहत भरी खबर सामने आई है। भारत में LPG की बड़ी खेप पहुंचनी शुरू हो गई है, जिससे आने वाले दिनों में सप्लाई में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ‘पाइक्सिस पायनियर’ नाम का एक LPG टैंकर रविवार, 22 मार्च को भारत पहुंच चुका है। यह जहाज न्यू मंगलुरु बंदरगाह पर पहुंचा, जिसमें करीब 16,714 टन LPG गैस लदी हुई है। यह टैंकर सिंगापुर के झंडे वाला है और 14 फरवरी को नीदरलैंड के एक पोर्ट से रवाना हुआ था। यह गैस Aegis Logistics Limited के लिए उतारी जाएगी। इसके बाद जहाज वापस रवाना हो जाएगा।
जानकारी के अनुसार, न्यू मंगलुरु पोर्ट पर अगले कुछ दिनों में कुल मिलाकर लगभग 72,700 टन LPG पहुंचने की संभावना है। 25 मार्च को ‘अपोलो ओसिएन’ नाम का एक और टैंकर यहां पहुंचेगा, जो करीब 26,687 टन LPG लेकर आएगा। इस गैस को Indian Oil Corporation Limited और Bharat Petroleum Corporation Limited के लिए उतारा जाएगा।
यह जहाज वियतनाम का झंडा लिए हुए है और गुजरात के वाडिनार बंदरगाह से रवाना होगा। इससे पहले ‘शिवालिक’ नामक टैंकर को 18 मार्च को मंगलुरु आना था, लेकिन उसने अपना माल वाडिनार पोर्ट पर ही दूसरे जहाज को ट्रांसफर कर दिया।
सिर्फ एशिया ही नहीं, बल्कि अमेरिका से भी LPG की सप्लाई भारत पहुंचने वाली है। 29 मार्च को एक और टैंकर करीब 30,000 टन LPG लेकर न्यू मंगलुरु पोर्ट पहुंचेगा। यह खेप Hindustan Petroleum Corporation Limited के लिए होगी। मंगलुरु स्थित HPCL का LPG प्लांट इस गैस को स्थानीय बॉटलिंग प्लांट्स तक पहुंचाएगा। साथ ही पाइपलाइन के जरिए बेंगलुरु और अन्य शहरों तक इसकी सप्लाई की जाएगी।
बड़ी राहत! अब गैस सिलेंडर के लिए नहीं करना होगा इंतजार, इस शहर में शुरू हुई LPG ATM सेवा
विशेषज्ञों का मानना है कि इन टैंकरों के पहुंचने से देश में LPG की उपलब्धता बेहतर होगी और मौजूदा संकट में राहत मिलेगी। गैस की बढ़ती मांग और वैश्विक परिस्थितियों के बीच यह आपूर्ति घरेलू जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगी।