हिंदी
जुड़वा बहनों ने जुड़वा भाईयों से रचाई शादी (Img: AI Generated Image)
New Delhi: शादी को जिंदगी का सबसे खास दिन माना जाता है, लेकिन केरल के कोट्टायम जिले में हुई एक शादी ने इस खास दिन को यादगार ही नहीं, बल्कि बेहद अनोखा बना दिया। यहां जुड़वां भाइयों ने जुड़वां बहनों से शादी रचाई। सबसे दिलचस्प बात यह रही कि शादी की रस्में भी जुड़वां पादरियों ने पूरी कराईं, जबकि वेदी पर सेवा देने वाले ऑल्टर सर्वर्स भी जुड़वां भाई थे। एक ही समारोह में इतने जुड़वां लोगों की मौजूदगी ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
यह अनोखी शादी कोट्टायम जिले के ऐतिहासिक चंगनासेरी मेट्रोपॉलिटन चर्च में संपन्न हुई। चर्च में मौजूद मेहमानों के लिए यह किसी फिल्मी दृश्य से कम नहीं था। शादी के दौरान हर तरफ उत्साह और खुशी का माहौल था। समारोह में शामिल लोग इस दुर्लभ संयोग को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए।
इस शादी में वेट्टुपरम्बु के कुंजुमोन थॉमस और जोमोल के जुड़वां बेटे अखिल के. थॉमस और निखिल के. थॉमस ने कुलाथुर के टोमिचन और मैरीकुट्टी की जुड़वां बेटियों मैगी मैरी थॉमस और मारिया मैरी थॉमस के साथ शादी रचाई।परिवार के लोगों ने बताया कि दोनों जोड़ों की इच्छा बचपन से ही थी कि उनकी शादी भी किसी खास अंदाज में हो। वे चाहते थे कि उनके जीवन के सबसे बड़े दिन में जितने संभव हो सके, उतने जुड़वां लोग शामिल हों। यही वजह रही कि उन्होंने शादी संपन्न कराने के लिए खास तौर पर जुड़वां पादरियों की तलाश की।
जुड़वा पादरियों ने जुड़वा भाईयों और जुड़वा बहनों का शादी कराई (Img: X)
ये भी पढ़ें- Vaiko in Parliament: राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने MDMK के महासचिव वाइको की पुस्तक का किया विमोचन
इस यादगार समारोह को और भी खास बना दिया कांजिरापल्ली डायोसिस के जुड़वां पादरियों फादर एंटो पेझुमकाडु और फादर अजो पेझुमकाडु ने। दोनों ने मिलकर शादी की सभी धार्मिक रस्में पूरी कराईं। इतना ही नहीं, पाला के जुड़वां भाई गेरोन जेम्स और जोहान जेम्स ने ऑल्टर सर्वर्स के रूप में अपनी सेवाएं दीं।
शादी की तस्वीरें और वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगे। लोग इस अनोखे संयोग की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स ने इसे "डबल सेलिब्रेशन" तो किसी ने "परफेक्ट ट्विन वेडिंग" का नाम दिया। हजारों लोगों ने इस समारोह की तस्वीरें साझा करते हुए नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं।
ये भी पढ़ें- दरगाह आला हजरत उर्स पर लाखों जायरीनों का रहेगा जमावड़ा, जानिए बरेली में कौन-कौन से रास्ते रहेंगे बंद
जानकारी के मुताबिक, दोनों जुड़वां दूल्हे मर्चेंट नेवी में कार्यरत हैं, जबकि दोनों जुड़वां दुल्हनें आईटी सेक्टर में काम करती हैं। शादी के बाद चारों ने कहा कि उनका वर्षों पुराना सपना आखिरकार पूरा हो गया। उनके लिए यह सिर्फ विवाह नहीं, बल्कि जिंदगी का सबसे यादगार पल बन गया। वहीं शादी संपन्न कराने वाले पादरियों ने भी इसे अपने जीवन का अनोखा अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि एक साथ दो जुड़वां जोड़ों को वैवाहिक जीवन की शुरुआत कराना उनके लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं था।
Location : New Delhi
Published : 4 August 2026, 7:41 PM IST
No related posts found.