हिंदी
लाल किले की प्राचीर से गाया जाएगा 'वंदे मातरम' (Img: AI Generated Image)
New Delhi: देश इस साल 15 अगस्त को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है और लाल किले पर होने वाला समारोह कई मायनों में खास रहने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करेंगे। इस बार समारोह में युवाओं की भागीदारी पर खास जोर दिया गया है। साथ ही पहली बार लाल किले की प्राचीर से ‘वंदे मातरम्’ के गायन को कार्यक्रम का हिस्सा बनाया गया है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह की सबसे बड़ी खासियतों में से एक ‘वंदे मातरम्’ का विशेष आयोजन है। इस साल इस राष्ट्रीय गीत को लाल किले की प्राचीर से पहली बार गाए जाने की तैयारी है। यह आयोजन ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने से भी जुड़ा है। इस बदलाव के साथ इस बार का समारोह देश की आजादी के इतिहास और वर्तमान भारत की तस्वीर को एक साथ सामने रखने की कोशिश करेगा। कार्यक्रम में देश की उपलब्धियों और बदलते भारत की झलक भी दिखाई जाएगी।
ये भी पढ़ें- बड़ी खबर: उत्तराखंड में बादल फटने से बड़ी तबाही, चमोली के तमक में कई गड़ियां बही, BRO पुल ध्वस्त, पढ़ें पूरा अपडेट
इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह में युवाओं को खास जगह देने की तैयारी है। युवा शक्ति को सम्मानित करने के साथ अलग-अलग क्षेत्रों में पहचान बनाने वाले युवाओं को कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा। अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड में पदक जीतने वाले 19 छात्रों को भी सम्मानित किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा महिला उद्यमियों, किसानों, कारीगरों और अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाले लोगों को विशेष अतिथि के तौर पर शामिल किया जाएगा।
यानी लाल किले का मंच सिर्फ नेताओं और बड़े अधिकारियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि देश की नई पीढ़ी और जमीनी स्तर पर काम कर रहे लोगों की उपलब्धियां भी यहां दिखाई देंगी।
समारोह में भारत की तकनीकी और वैज्ञानिक उपलब्धियों को भी प्रमुखता मिलने वाली है। परमाणु ऊर्जा, अंतरिक्ष अनुसंधान और नई तकनीक के क्षेत्र में देश की प्रगति को प्रदर्शित करने की तैयारी है। इसका मकसद आजादी के 80 साल के सफर को सिर्फ इतिहास के तौर पर दिखाना नहीं, बल्कि यह बताना भी है कि भारत ने इन वर्षों में विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में कितनी लंबी यात्रा तय की है।
महिला उद्यमिता, कृषि, हस्तशिल्प और युवाओं की उपलब्धियों को भी इस व्यापक तस्वीर का हिस्सा बनाया जाएगा।
समारोह में शामिल होने वाले लोगों के लिए दिल्ली में कई सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। आमंत्रित लोगों के लिए मेट्रो सेवाएं सुबह 4 बजे से उपलब्ध रहने की जानकारी दी गई है। कार्यक्रम स्थल पर वॉलंटियर्स, व्हीलचेयर, क्लॉकरूम, पीने का पानी, शौचालय और रेनकोट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराने की तैयारी है। बारिश की संभावना को देखते हुए भी इंतजाम किए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें- बड़ी खबर: यूपी में फर्जी लॉ डिग्री और कोर्ट में काला कोट पहनकर कानून झाड़ने वाले गैंग का भंडाफोड़, कई पर FIR
स्वतंत्रता दिवस से पहले लाल किले और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस इस बार तकनीक की मदद से संदिग्ध और वांछित लोगों की पहचान करेगी। इसके लिए ‘अभिज्ञान’ ऐप और फेशियल रिकग्निशन सिस्टम का इस्तेमाल किया जा रहा है। करीब 1,000 CCTV कैमरों के जरिए लाल किले और आसपास के इलाके पर नजर रखी जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत करीब 15,000 से 20,000 दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों की तैनाती की उम्मीद है।
सुरक्षा कारणों से लाल किले और उसके आसपास हवाई गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस से जुड़े सुरक्षा इंतजामों के तहत ड्रोन और अन्य छोटे हवाई प्लेटफॉर्म पर प्रतिबंध लगाया है। लाल किले के आसपास पतंग उड़ाने पर भी रोक रहेगी।
Location : New Delhi
Published : 10 August 2026, 6:03 PM IST