हिंदी
भारी बारिश का अलर्ट (Img- Google)
New Delhi: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात दितवाह अब एक डिप्रेशन के रूप में तमिलनाडु तट के बेहद करीब सक्रिय है। यह सिस्टम पिछले 24 घंटों में तेजी से तट की ओर बढ़ा है और दक्षिण-पश्चिम दिशा में मुड़ा है, जो काफी कम देखा जाता है।
IMD के अनुसार, यह डिप्रेशन अगले 12–18 घंटों तक तटीय क्षेत्र के पास ही बना रह सकता है और धीरे-धीरे कमजोर होकर पूर्वोत्तर मानसून की सामान्य हवाओं में विलीन हो जाएगा। इसके बावजूद तमिलनाडु में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका बनी हुई है। विभाग ने लोगों को अनावश्यक घर से बाहर न निकलने तथा समुद्री क्षेत्रों और तटीय मार्गों से बचने की सलाह दी है।
3 दिसंबर 2025 को दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश, उत्तर तमिलनाडु, रायलसीमा और केरल में हल्की से मध्यम बारिश जबकि कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तट के पास तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, उत्तर तमिलनाडु और दक्षिण आंध्र प्रदेश में वर्षा की तीव्रता अधिक रहेगी, जिससे जलभराव और यातायात बाधित होने की स्थिति बन सकती है।
लक्षद्वीप, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और दक्षिण ओडिशा में भी हल्की बारिश दर्ज हो सकती है। तमिलनाडु के तटीय जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद रखने और आवश्यक सेवाओं को छोड़कर अनावश्यक ट्रैवल से बचने की अपील की गई है।
दक्षिण भारत जहां बारिश से प्रभावित है, वहीं उत्तर भारत में ठंड और कोहरा तेजी से बढ़ रहा है। IMD ने पंजाब और हरियाणा में 3 से 5 दिसंबर तक शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। 5 से 7 दिसंबर के बीच राजस्थान के कई हिस्सों में भी शीतलहर की स्थिति बन सकती है।
उत्तर में कोहरा–शीतलहर (Img- Google)
उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अगले 4 दिनों में न्यूनतम तापमान 2-4 डिग्री सेल्सियस गिरने का अनुमान है। पूर्वी भारत में भी 3-4 डिग्री की गिरावट देखी जा सकती है।
महाराष्ट्र के कई जिलों में भी तापमान 2-3 डिग्री तक गिर सकता है। पूर्वोत्तर भारत में तापमान तीन दिनों तक स्थिर रहेगा, जिसके बाद हल्की गिरावट होगी।
IMD ने 3 से 5 दिसंबर तक हिमाचल, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और ओडिशा में घना कोहरा छाने की चेतावनी दी है। इससे सड़क और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है। रेलवे मार्गों पर भी देरी की आशंका है, क्योंकि दृश्यता काफी कम रहने वाली है।
ठंड और कोहरे के बीच राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में एयर पॉल्युशन की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है। बुधवार 3 दिसंबर को बवाना में AQI 410, जबकि आनंद विहार में एयर क्वालिटी 400 के पार रिकॉर्ड की गई।
Weather Update: दिसंबर की पहली सुबह कड़ाके की ठंड; साइक्लोन दितवाह का 5 राज्यों में कहर
यह स्तर ‘Severe’ श्रेणी में आता है और स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है। विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा रोगियों को बाहर कम निकलने और मास्क का उपयोग करने की सलाह दी है।
दक्षिण आंध्र प्रदेश और उत्तर तमिलनाडु में गरज–चमक के साथ भारी बारिश होगी। वहीं तटीय तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और केरल में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। दक्षिण ओडिशा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और लक्षद्वीप में हल्की वर्षा के आसार है। पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में शीतलहर का अनुमान है और पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में घना कोहरा छाया रहेगा।
Location : New Delhi
Published : 3 December 2025, 7:58 AM IST
Topics : Delhi NCR Air Pollution IMD Rainfall Warning India Weather Alert North India Cold Wave Weather Update