हिंदी
गुरुग्राम में रैपिड मेट्रो पर लगा ब्रेक
Gurugram: साइबर सिटी गुरुग्राम के सेक्टर-72 में शुक्रवार को मुख्य ट्रांसफार्मर फुंकने से बड़ा बिजली संकट खड़ा हो गया, जिससे 7 बिजली घर ठप हो गए हैं। इस महा-कटौती के कारण रैपिड मेट्रो की सेवाएं बीच रास्ते में ही थम गईं, जिससे हजारों यात्री उमस के बीच ट्रैक पर पैदल चलकर स्टेशन तक पहुंचने को मजबूर हुए। सेक्टर-15 से 57 तक के कई पॉश इलाकों में पूरी तरह बत्ती गुल है और सप्लाई बहाल होने में 8 से 10 घंटे लगेंगे।
दफ्तरों से थककर घर लौट रहे मुसाफिरों को अंदाजा भी नहीं था कि चमचमाती रैपिड मेट्रो अचानक बीच ट्रैक पर ही हांफ कर खड़ी हो जाएगी। सेक्टर-72 के मुख्य बिजली घर का भारी-भरकम ट्रांसफार्मर क्या फुंका, उसने आधे गुरुग्राम की बत्ती तो गुल हुई ही साथ ही रैपिड मेट्रो के पहियों को भी पूरी तरह जाम कर दिया।
रैपिड मेट्रो सेवा बाधित
उमस और घने अंधेरे के बीच जब एक घंटे तक मेट्रो टस से मस नहीं हुई तो यात्रियों का सब्र टूट गया और फिर शुरू हुआ जान जोखिम में डालने वाला वो सफर जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग मेट्रो के आपातकालीन दरवाजों से निकलकर लोहे के ट्रैक पर पैदल चलने को मजबूर हो गए।
सेक्टर-15, 38, 44, 46, 52, 56 और मारुति 66केवीए बिजली घर इस संकट से प्रभावित हैं। सेक्टर-38 से 57 तक, सेक्टर-15 पार्ट-1/2 और सेक्टर-18 जैसे इलाकों में बिजली गुल है। अधिकारियों के अनुसार, ट्रांसफार्मर ठीक होने में आठ से दस घंटे लगेंगे। देर रात तक बिजली आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है।
बिजली गुल होने से लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। कई इलाकों में पानी की सप्लाई भी प्रभावित होने लगी है। स्थानीय निवासी लगातार बिजली विभाग से संपर्क कर स्थिति की जानकारी लेने की कोशिश कर रहे हैं।
7-8 घंटे में फॉल्ट होगा दुरुस्त
बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि खराब ट्रांसफार्मर को ठीक करने का काम तेजी से किया जा रहा है। तकनीकी टीम मौके पर मौजूद है और मरम्मत कार्य जारी है। ट्रांसफार्मर को दुरुस्त करने में करीब 8 से 10 घंटे का समय लग सकता है। उम्मीद जताई जा रही है कि देर रात तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
DMRC प्रवक्ता ने बताया कि गुरुग्राम के सेक्टर-72 स्थित HVPNL के सबस्टेशन से बिजली सप्लाई बाधित होने के कारण रैपिड मेट्रो प्रभावित हुई। HVPNL सब स्टेशन गुरुग्राम शहर और येलो लाइन के गुरुग्राम सेक्शन को बिजली सप्लाई करता है।
रैपिड मेट्रो में शाम 7:50 बजे से 8:33 बजे तक ट्रेन सेवाएं उपलब्ध नहीं थीं। हालांकि, येलो लाइन पर सेवाएं स्टैंडबाय सबस्टेशन के माध्यम से नियंत्रित रहीं और इस दौरान सामान्य रूप से चलती रहीं। सेक्टर-72 सबस्टेशन के माध्यम से HVPNL द्वारा बिजली सप्लाई बहाल किए जाने के बाद रैपिड मेट्रो की सामान्य सेवाएं भी पुनः शुरू कर दी गईं।
इस हादसे ने मिलेनियम सिटी के वर्ल्ड-क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर के दावों की पोल खोलकर रख दी है।
Location : Gurugram
Published : 22 May 2026, 10:56 PM IST