दिल्ली से हापुड़-मुरादाबाद जाने वाले ध्यान दें! पहले ये खबर जरूर देख लीजिए… गाजियाबाद में फंस सकते हैं

ज्येष्ठ दशहरा पर्व को लेकर गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने बड़ा डायवर्जन प्लान लागू किया है। 23 मई शाम 8 बजे से 26 मई तक NH-9 पर भारी वाहनों की एंट्री रोकी जाएगी। हापुड़, गढ़मुक्तेश्वर और बृजघाट जाने वाले लोगों को सफर से पहले नया रूट जरूर चेक करने की सलाह दी गई है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 22 May 2026, 9:48 PM IST
google-preferred

Ghaziabad : अगर आप ज्येष्ठ दशहरा पर्व पर घर से बाहर निकलने की तैयारी कर रहे हैं और आपका रूट गाजियाबाद, हापुड़ या NH-9 से होकर गुजरता है, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। घर से निकलने से पहले गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस का डायवर्जन प्लान जरूर देख लीजिए, क्योंकि 23 मई की शाम से कई रूट्स पर भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी जाएगी।

ज्येष्ठ दशहरा पर्व के मौके पर हापुड़ के बृजघाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के गंगा स्नान के लिए पहुंचने की संभावना है। इसी को देखते हुए गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए खास ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। डीसीपी ट्रैफिक गाजियाबाद त्रिगुण बिसेन ने बताया कि हर साल इस पर्व के दौरान NH-9 और आसपास के इलाकों में भारी जाम की स्थिति बन जाती है। ऐसे में इस बार पहले से ही ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जा रहा है।

23 मई शाम 8 बजे से लागू होगा डायवर्जन

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक 23 मई की शाम 8 बजे से लेकर 26 मई तक कार्यक्रम समाप्त होने तक गाजियाबाद से गढ़मुक्तेश्वर और हापुड़ की ओर जाने वाले भारी व्यावसायिक वाहनों का रूट बदला जाएगा।

जो भारी वाहन अमरोहा, मुरादाबाद, बरेली और लखनऊ की तरफ जाते हैं, उन्हें अब NH-9 से होकर हापुड़ जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहनों को डासना से ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। वहां से वाहन सिकंद्राबाद, बुलंदशहर, डिबाई और नरौरा होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

गाजियाबाद से मुरादनगर तक! घरों पर चस्पा हुए नोटिस से मची हलचल

इन वाहनों पर भी रहेगा प्रतिबंध

इसके अलावा कुंडली और पलवल से ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे के जरिए हापुड़ की तरफ आने वाले वाहनों को भी एग्जिट नंबर 4A से नीचे उतरने की अनुमति नहीं होगी। ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया है कि सभी भारी वाहन सीधे ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे का इस्तेमाल करते हुए वैकल्पिक रूट से गुजरेंगे।

सफर से पहले रूट जरूर चेक करें

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर चेक करें और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें, ताकि जाम और परेशानी से बचा जा सके। पर्व के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

Location :  Ghaziabad

Published :  22 May 2026, 9:48 PM IST

Advertisement