Flydubai Flight FZ1073: भारतीय कैप्टन स्मित मछार के साहस और बहादुरी की पीएम मोदी ने किया सलाम

फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में कॉकपिट के अंदर हुई हिंसक घटना के दौरान भारतीय कैप्टन स्मित मछार घायल हो गए। इसके बावजूद उन्होंने स्थिति संभालने में अहम भूमिका निभाई। विमान को सऊदी अरब के ताबुक में सुरक्षित उतारा गया। पीएम मोदी ने कैप्टन मछार को ‘हीरो’ बताते हुए उनकी तारीफ की।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 1 October 2026, 8:28 AM IST
google-preferred

New Delhi: फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में बुधवार को कॉकपिट के अंदर हुई हिंसक घटना के दौरान भारतीय कैप्टन स्मित मछार के साहस की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तारीफ की है। पीएम मोदी ने उन्हें ‘हीरो’ बताते हुए कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए हिम्मत दिखाई।

कॉकपिट में अचानक बिगड़े हालात

फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी। उड़ान के दौरान कॉकपिट में कैप्टन स्मित मछार और उनके को-पायलट के बीच हिंसक घटना हुई। रिपोर्टों के मुताबिक को-पायलट ने कैप्टन पर हमला किया, जिसमें वह घायल हो गए।

घटना के दौरान विमान की ऊंचाई में भी अचानक बड़ी गिरावट दर्ज की गई। रॉयटर्स के मुताबिक विमान करीब 14,000 फीट नीचे आया, जिसके बाद यात्रियों और क्रू ने हमलावर को काबू करने में मदद की। हालांकि घटना की पूरी परिस्थितियों और हमले की मंशा की जांच अभी जारी है।

घायल होने के बाद भी संभाला मोर्चा

रिपोर्टों के अनुसार कैप्टन मछार गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कॉकपिट में डटे रहे। उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की, जिसके बाद केबिन क्रू और यात्रियों ने अंदर पहुंचकर हमलावर को काबू करने में मदद की।

इसके बाद विमान में मौजूद अन्य ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने विमान का नियंत्रण संभाला। फ्लाइट को सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट की ओर मोड़ा गया, जहां उसकी सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। फ्लाईदुबई ने बताया कि सभी यात्री और क्रू सुरक्षित हैं।

Kolhui News: नहर में डूबे किशोर का 26 घंटे बाद मिला शव, NDRF ने चलाया सर्च ऑपरेशन

PM मोदी ने बताया ‘हीरो’

घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कैप्टन स्मित मछार की तारीफ की। पीएम मोदी ने कहा कि बेहद गंभीर खतरे और घायल होने के बावजूद कैप्टन ने दूसरों की जान बचाने के लिए असाधारण साहस और दृढ़ संकल्प दिखाया।

पीएम मोदी ने भारत को कैप्टन मछार पर गर्व होने की बात कही और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

पहले SpiceJet में भी कर चुके हैं काम

कैप्टन स्मित मछार मूल रूप से मुंबई के घाटकोपर ईस्ट के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वह जून 2022 में फ्लाईदुबई से जुड़े थे। इससे पहले उन्होंने करीब 11 साल तक SpiceJet में काम किया था। उनके प्रोफाइल के अनुसार उनके पास Boeing 737 विमानों पर करीब 9,750 घंटे की उड़ान का अनुभव है।

घटना के बाद कैप्टन मछार को सऊदी अरब के अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपलब्ध रिपोर्टों के मुताबिक उनकी सर्जरी हुई और उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है। वहीं, मामले की जांच जारी है और घटना के पीछे की पूरी वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

Location :  New Delhi

Published :  1 October 2026, 8:28 AM IST

Advertisement