हिंदी
दिल्ली विधानसभा को मिले धमकी भरे ईमेल ने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है। मेल में 1:40 बजे विस्फोट की चेतावनी दी गई, जिसके बाद पूरा परिसर हाई अलर्ट पर आ गया। भेजने वाले ने खुद को कोयंबटूर का बताया और कई गंभीर आरोप लगाए। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की हर एंगल से जांच कर रही हैं।
जांच के लिए पहुंचा बम निरोधक दस्ता (Img: Internet)
New Delhi: राजधानी दिल्ली में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक धमकी भरा ईमेल सामने आया। इस मेल में साफ-साफ लिखा था कि विधानसभा परिसर में विस्फोटक लगाए गए हैं और दोपहर 1:40 बजे बड़ा धमाका हो सकता है। इस चेतावनी के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और पूरे इलाके को छावनी में बदल दिया गया। माहौल ऐसा था जैसे किसी बड़ी साजिश की आहट मिल चुकी हो।
ईमेल मिलते ही पुलिस, बम स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत विधानसभा परिसर को घेर लिया। हर कोने की बारीकी से जांच शुरू की गई और संदिग्ध चीजों की तलाश की गई। सुरक्षा के मद्देनजर परिसर में मौजूद लोगों को भी हटाया गया। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है और किसी भी खतरे को हल्के में नहीं लिया जा रहा।
दिल्ली विधानसभा को फिर बम से उड़ाने की धमकी!
मेल में 16 RDX IED लगाने का दावा, 1:40 बजे ब्लास्ट की चेतावनी, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर, पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी @DelhiPolice #Delhi #BombThreat #BreakingNews pic.twitter.com/fRqi6lmxcP— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) March 25, 2026
धमकी देने वाले ने खुद को तमिलनाडु के कोयंबटूर का रहने वाला बताया है। उसने दावा किया कि वह और उसके कुछ साथी पहले DMK के समर्थक थे लेकिन अब खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। मेल में उसने कई व्यक्तिगत और राजनीतिक आरोप भी लगाए हैं। साथ ही यह भी कहा कि उसने अपनी बात रखने की कोशिश की, लेकिन न तो मीडिया ने उसकी सुनी और न ही अदालतों से उसे कोई राहत मिली।
ईमेल में एक चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई कि भेजने वाले ने खुद ही लोगों को परिसर से हटाने की बात कही है। उसने लिखा कि उनका मकसद ‘संपत्ति को नुकसान’ पहुंचाना है। मेल के अंत में कुछ उग्र और विवादित नारे भी लिखे गए हैं, जिन्हें लेकर जांच एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। पुलिस साइबर सेल अब इस मेल की ट्रेसिंग में जुट गई है ताकि आरोपी तक जल्द पहुंचा जा सके।