दिल्ली-NCR में GRAP-3 की पाबंदियां हटीं, BS-3 और BS-4 वाहनों को मिली राहत

दिल्ली-NCR में प्रदूषण के बीच एक अहम फैसला लिया गया है, जिससे कुछ वाहन चालकों और विद्यार्थियों को राहत मिल सकती है। हालांकि, राजधानी में कई प्रतिबंध अभी भी जारी रहेंगे। वायु गुणवत्ता में सुधार के बाद लिया गया यह निर्णय ऐसे समय आया है, जब आने वाले दिनों में हवा की स्थिति को लेकर फिर चिंता जताई गई है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 18 November 2026, 6:30 AM IST
google-preferred

New Delhi: दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता में सुधार के बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) के तीसरे चरण यानी GRAP-3 की पाबंदियां तत्काल प्रभाव से हटा दी हैं। मंगलवार को हुई समीक्षा बैठक में आयोग की उप समिति ने यह फैसला लिया। हालांकि, प्रदूषण का स्तर अभी भी खराब श्रेणी में है, इसलिए GRAP-1 और GRAP-2 के तहत लागू उपाय जारी रहेंगे। इसके अलावा पहले से लागू कुछ अन्य प्रतिबंधों में भी फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 204 दर्ज किया गया। नवंबर में पहली बार दिल्ली का एक्यूआई इस स्तर पर पहुंचा है। एनसीआर के शहरों की वायु गुणवत्ता में भी कमी दर्ज की गई। प्रदूषण के स्तर में आई गिरावट को देखते हुए आयोग ने GRAP-3 हटाने का निर्णय लिया।

BS-3 पेट्रोल और BS-4 डीजल वाहनों को मिलेगी राहत

GRAP-3 की पाबंदियां हटने से दिल्ली में पंजीकृत BS-3 पेट्रोल और BS-4 डीजल वाहनों पर लगी रोक भी हट जाएगी। इसके साथ ही पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए हाइब्रिड पढ़ाई जैसे प्रतिबंधों से भी राहत मिलेगी। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण नियंत्रण के सभी उपाय समाप्त कर दिए गए हैं।

Whatsapp: महिलाओं के लिए शुरू हुई नई डिजिटल सुविधा, इस WhatsApp नंबर पर दर्ज कराएं शिकायत

आयोग के फैसले के बाद भी GRAP-1 और GRAP-2 के तहत लागू उपाय जारी रहेंगे। प्रदूषण का स्तर खराब श्रेणी में होने के कारण इन चरणों के उपायों को बनाए रखा गया है। ऐसे में वाहन चालकों और आम लोगों को अभी भी प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े लागू नियमों का पालन करना होगा।

निर्माण कार्य और कार्यालयों से जुड़े प्रतिबंध रहेंगे लागू

30 अक्टूबर को जारी आदेश के तहत पांच से 20 नवंबर तक लागू विशेष पाबंदियां भी जारी रहेंगी। इसके अंतर्गत छूट प्राप्त परियोजनाओं को छोड़कर निर्माण और तोड़फोड़ की गतिविधियों पर रोक बरकरार रहेगी।

Apple-Google यूजर्स के लिए बड़ी परेशानी, लॉगिन से लेकर ऑनलाइन पेमेंट तक सेवाएं प्रभावित

दिल्ली और आसपास के जिलों में सरकारी और निजी कार्यालयों में अधिकतम 50 प्रतिशत कर्मचारियों की भौतिक उपस्थिति का निर्देश भी लागू रहेगा। इसके अलावा दिल्ली सरकार की ओर से बीएस-6 से नीचे के बाहरी वाहनों की दिल्ली में एंट्री पर लगाई गई रोक सहित अन्य अतिरिक्त प्रतिबंध भी जारी रहेंगे। इस तरह GRAP-3 हटने के बावजूद राजधानी में प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े कई नियम लागू रहेंगे।

नवंबर में पहली बार AQI 204 पर पहुंचा

मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर के लोगों को प्रदूषण से कुछ राहत मिली। अनुकूल मौसमी परिस्थितियों और उत्तर-पश्चिम दिशा से 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चली हवाओं ने प्रदूषकों को फैलाने में मदद की। इसके चलते दिनभर में दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया।

सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह आठ बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 238 था। उस समय 58 निगरानी केंद्रों में से 32 पर हवा खराब, 16 पर मध्यम और 10 पर बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई थी। दिन चढ़ने के साथ स्थिति में सुधार हुआ और शाम चार बजे औसत एक्यूआई घटकर 204 पर पहुंच गया।

शाम चार बजे तक आंकड़े देने वाले 58 निगरानी केंद्रों में 31 पर हवा खराब, 26 पर मध्यम और एक केंद्र पर बहुत खराब श्रेणी में रही। हालांकि, राहत लंबे समय तक बने रहने की उम्मीद नहीं है। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली ने बुधवार और बृहस्पतिवार को हवा फिर से बहुत खराब श्रेणी में पहुंचने का अनुमान जताया है।

Location :  New Delhi

Published :  18 November 2026, 6:30 AM IST

Advertisement