हिंदी
Symbolic Photo
New Delhi: भारतीय खेलों के इतिहास में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ने की संभावना प्रबल हो गई है। भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) ने बुधवार को अपनी विशेष आम बैठक (SGM) में 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के लिए भारत की बोली को औपचारिक रूप से मंजूरी दे दी है। भारत ने अहमदाबाद को मेजबान शहर के रूप में प्रस्तावित किया है और अब अंतिम बोली दस्तावेज 31 अगस्त 2025 की समयसीमा से पहले जमा करने होंगे।
कनाडा की दौड़ से हटने के बाद भारत सबसे मजबूत दावेदार
इस रेस में पहले मौजूद कनाडा ने अब आर्थिक कारणों और राजनीतिक असहमति के चलते अपनी बोली वापस ले ली है। इसके बाद भारत के लिए 2030 खेलों की मेजबानी की राह काफी हद तक साफ होती नजर आ रही है। भारत अब प्रमुख दावेदारों में शुमार है और यदि सभी प्रक्रियाएं सुचारु रहीं तो 2010 के बाद यह दूसरा मौका होगा जब भारत इस बड़े खेल आयोजन की मेजबानी करेगा।
निरीक्षण कर चुका है राष्ट्रमंडल खेलों का प्रतिनिधिमंडल
राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति का एक दल हाल ही में अहमदाबाद का दौरा कर चुका है। इस दल का नेतृत्व खेल निदेशक डैरेन हॉल कर रहे थे। उन्होंने गुजरात सरकार के अधिकारियों से मुलाकात की और प्रस्तावित स्टेडियम व इन्फ्रास्ट्रक्चर का निरीक्षण किया। इसके अलावा इस महीने के अंत में एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल फिर से अहमदाबाद आने वाला है ताकि बोली से पहले की सभी औपचारिकताएं पूरी की जा सकें।
ग्लासगो में होगी राष्ट्रमंडल महासभा
2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी किसे मिलेगी, इसका अंतिम फैसला राष्ट्रमंडल खेल महासंघ (CGF) की आम सभा में नवंबर 2025 के अंतिम सप्ताह में ग्लासगो में किया जाएगा। यदि भारत की बोली को स्वीकृति मिलती है तो यह आयोजन देश के लिए खेल और इंफ्रास्ट्रक्चर दोनों के क्षेत्र में एक बड़ा अवसर होगा।
2010 में दिल्ली बना था मेजबान
भारत पहले भी 2010 में दिल्ली में राष्ट्रमंडल खेलों की सफल मेजबानी कर चुका है। उस समय देश ने खेलों के आयोजन के स्तर और खिलाड़ियों के प्रदर्शन दोनों में अच्छा प्रदर्शन किया था। अब अगर भारत 2030 की मेजबानी करता है तो यह दुनिया के सामने एक बार फिर भारत की आयोजन क्षमता और वैश्विक खेल मंच पर प्रभावशाली उपस्थिति को प्रदर्शित करेगा।
IOA और गुजरात सरकार मिलकर तैयार कर रहे योजना
IOA और गुजरात सरकार मिलकर एक सशक्त और व्यवहारिक मेजबानी योजना तैयार कर रहे हैं। जिसमें खेल गांव, स्टेडियम, परिवहन, पर्यावरणीय प्रभाव और खिलाड़ियों की सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है। अहमदाबाद का सरदार पटेल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, एशिया का सबसे बड़ा स्टेडियम परिसर बनने की ओर अग्रसर है। यह आयोजन का मुख्य केंद्र हो सकता है।
Location : New Delhi
Published : 13 August 2025, 1:33 PM IST
Topics : 2030 Commonwealth Games Ahmedabad Commonwealth Games CGF Commonwealth Games Venue Indian Olympic Association
No related posts found.