हिंदी
अंबाला में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प
Ambala: अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर लगा जाम आखिरकार सात घंटे बाद लाठीचार्ज के बाद खुल गया। अंबाला एसपी अजीत सिंह शेखावत ने बताया कि लगाए गए जाम को खुलवाने पहुंची पुलिस टीम पर उपद्रवियों ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया। भीड़ में शामिल शरारती तत्वों ने धारदार हथियारों से हमला बोल दिया, जिसमें एक डीएसपी क्राइम वीरेंदर गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका हाथ बुरी तरह कट गया। इस हमले में 5 से 6 अन्य पुलिसकर्मियों को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, कई किसान भी चोटिल हो गए।
एसपी अंबाला ने बताया कि हाईवे पर जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा था। पुलिस ने उपद्रवियों और प्रदर्शनकारियों से कई दौर की बातचीत कर शांतिपूर्ण तरीके से जाम खुलवाने का आग्रह किया, लेकिन उपद्रवियों का इरादा मामला सुलझाने का नहीं था। जैसे ही अंधेरा होने लगा व भीड़ में छिपे शरारती तत्वों ने भाले, फरसे, तलवारें और कुल्हाड़ियों जैसे घातक हथियारों से पुलिसकर्मियों पर अचानक हमला कर दिया।
घायल पुलिसकर्मी से मिलते अधिकारी
एसपी अंबाला अजीत सिंह के मुताबिक उपद्रवियों ने स्थिति को और गंभीर बनाने की नीयत से हाईवे पर फंसे एक गैस टैंकर के चालक से चाबी छीन ली और उसे डरा-धमकाकर भगा दिया। पुलिस प्रशासन द्वारा बार-बार आग्रह करने के बावजूद टैंकर को हटने नहीं दिया गया, जिससे बड़े हादसे का खतरा बना रहा। इसके अलावा अन्य कई वाहनों की चाबियां भी छीन ली गईं ताकि जाम को खुलने न दिया जाए।
हालातों को काबू में करने और उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए पुलिस को बल प्रयोग कर हाईवे को क्लियर कराना पड़ा। पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया कि पुलिस टीम और डीएसपी पर जानलेवा हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले सभी शरारती तत्वों को चिन्हित किया जा रहा है। उनके खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि 7 अगस्त को खालिस्तान विरोधी नेता गुरसिमरन सिंह मंड छावनी स्थित पंजोखरा साहिब गुरुद्वारा पहुंचे थे। इसी दौरान पार्किंग को लेकर स्थानीय लोगों से विवाद हुआ। मंड का आरोप था कि गुरुद्वारा साहिब में जाने पर निहंगों ने रोका व डंडों व तेजधार हथियारों से हमला कि। वह मौके से भागने लगे तो उग्र भीड़ ने हमला कर दिया।
इस संबंध में वीडियो भी वायरल हुए जिसमें कुछ युवक उन्हें बुरी तरह से पीट रहे हैं। उधर, गुरुद्वारा कमेटी ने आरोपों को नकारते हुए कहा कि लापरवाही से गाड़ी चलाने पर कई संगत चोटिल हुई। इसके बाद पंजोखरा थाना पुलिस ने सिख समाज के कुछ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। जबकि सिख संगत की तरफ से नेता गुरसिमरन सिंह मंड के खिलाफ दी गई शिकायत को दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद से यह विवाद बढ़ गया।
फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Location : Ambala
Published : 13 August 2026, 11:12 PM IST