“राज ठाकरे पर ऐसी बात दोबारा मत कहना”, चेहरे पर कालिख, सिर पर चप्पल रखवाई; पुणे में इन्फ्लुएंसर से ऐसे मंगवाई माफी

पुणे में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर महेश मोटे को राज ठाकरे पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करना भारी पड़ गया। MNS कार्यकर्ताओं ने उन्हें पकड़कर पार्टी कार्यालय पहुंचाया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 21 September 2026, 11:00 AM IST
google-preferred

Pune: महाराष्ट्र के पुणे में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर महेश मोटे से जुड़ा एक मामला चर्चा में है। राज ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद MNS कार्यकर्ताओं ने महेश मोटे को पकड़ लिया।

आरोप है कि उनका चेहरा काला किया गया, सिर पर चप्पल रखकर उठक-बैठक करवाई गई और राज ठाकरे की तस्वीर के सामने माफी मांगने के लिए मजबूर किया गया। घटना के बाद महेश का माफी मांगते हुए वीडियो भी सामने आया है।

रील में क्या कहा था, जिससे नाराज हुए कार्यकर्ता?

रिपोर्टों के मुताबिक, महेश मोटे ने करीब 15 दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो या रील पोस्ट की थी। इसमें राज ठाकरे को लेकर की गई कथित टिप्पणी पर MNS कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई। इसके बाद महेश कुछ दिनों के लिए केरल चले गए थे।

ये भी पढ़ें- Hyderabad: ऑटो चालक ने मांगे 10 रुपये, यात्री के पास नहीं थे छुट्टे; फिर सड़क पर हुआ खौफनाक खेल

MNS के हडपसर विधानसभा क्षेत्र के उपविभाग अध्यक्ष शुभम जगदाले के अनुसार, कार्यकर्ताओं को जब महेश के पुणे लौटने और कात्रज इलाके में मौजूद होने की जानकारी मिली, तो वे वहां पहुंचे। रिपोर्ट के मुताबिक, महेश को कात्रज के एक पार्क से पकड़कर MNS के जनसंपर्क कार्यालय ले जाया गया।

सिर पर चप्पल रखकर उठक-बैठक

एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, MNS कार्यालय में महेश के चेहरे पर काला रंग लगाया गया। इसके बाद उन्हें राज ठाकरे की तस्वीर के सामने झुककर माफी मांगने और सिर पर चप्पल रखकर उठक-बैठक करने के लिए कहा गया। घटना से जुड़े वीडियो में महेश भावुक नजर आते हैं और हाथ जोड़कर माफी मांगते दिखाई देते हैं। उन्होंने राज ठाकरे और MNS कार्यकर्ताओं से माफी मांगी और कहा कि उनसे गलती हुई है। उन्होंने यह भी अपील की कि उन्हें आगे परेशान न किया जाए।

ये भी पढ़ें- 10 करोड़ की रंगदारी और 2 किलो हेरोइन का Pakistan कनेक्शन, गैंगस्टर रोहित गोदारा का नार्को मॉड्यूल का भंडाफोड़

महेश ने वीडियो में क्या कहा?

माफी वाले वीडियो में महेश ने कहा कि उन्होंने केरल में रहते हुए कुछ ऐसे वीडियो बनाए थे, जिन्हें अब वह गलत मानते हैं। उन्होंने लोगों से राज ठाकरे या MNS के बारे में आपत्तिजनक बातें नहीं करने की अपील की। महेश ने यह भी कहा कि उन्हें अपनी टिप्पणी पर पछतावा है। वीडियो में वह हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आए। इस दौरान वह काफी भावुक थे।

MNS नेता ने घटना को बताया ‘महाप्रसाद’

MNS नेता शुभम जगदाले ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि महेश ने राज ठाकरे के बारे में बेहद अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। उन्होंने दावा किया कि कार्यकर्ताओं ने उन्हें कात्रज से पकड़ा और पार्टी कार्यालय लाया। जगदाले ने कार्रवाई को MNS के “खास अंदाज” से जोड़ा और ‘महाप्रसाद’ शब्द का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि राज ठाकरे के बारे में इस तरह की टिप्पणी करने वालों को पार्टी इसी तरह जवाब देगी।

Location :  Pune

Published :  21 September 2026, 11:00 AM IST

Advertisement