हिंदी
सीएम मोहन यादव के बेटे अभिमन्यु की शादी (Img: Google)
Ujjain: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के छोटे बेटे डॉक्टर अभिमन्यु यादव के विवाह का आयोजन धार्मिक नगरी उज्जैन में एक विशेष अंदाज में होने जा रहा है। 30 नवंबर को होने वाला यह आयोजन न केवल राज्य बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में है, क्योंकि यह विवाह किसी आलीशान आयोजन में नहीं, बल्कि सार्वजनिक सामूहिक विवाह सम्मेलन में संपन्न होगा।
डॉक्टर अभिमन्यु की सगाई आठ महीने पहले खरगोन जिले के किसान दिनेश पटेल यादव की बेटी डॉक्टर इशिता यादव से हुई थी। दोनों चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े होने के कारण शिक्षा और सादगी के मूल्यों में विश्वास रखते हैं। अब उज्जैन में दोनों का विवाह सामूहिक सम्मेलन के माध्यम से होने जा रहा है, जिसमें 21 अन्य जोड़ों का भी विवाह कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा सामूहिक विवाह का चयन करने की प्रशंसा हर ओर हो रही है। उन्होंने अपने मेहमानों से उपहार न लाने की अपील करते हुए कहा है कि “नवयुगल के लिए आपका आशीर्वाद ही सबसे बड़ा उपहार है।”
मुख्यमंत्री की बहन और उज्जैन नगर निगम की सभापति कलावती यादव ने बताया कि इस बड़े आयोजन में कई विशाल हस्तियां उपस्थित होंगी। जिसमें राज्यपाल, मध्य प्रदेश सरकार के सभी मंत्री, विधायक और सांसद, केंद्रीय मंत्री समेत कई VIP मेहमानों ने अपनी उपस्थिति की पुष्टि भी कर दी है। इससे उज्जैन में खासा उत्साह और हलचल देखने को मिल रही है।
सीएम मोहन यादव के बेटे की शादी में VIP का जमावड़ा (Img: Google)
30 नवंबर को होने वाले इस कार्यक्रम के लिए उज्जैन में सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि चूंकि उज्जैन पहले से ही भीड़भाड़ वाला धार्मिक शहर है, इसलिए 28 नवंबर से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। भव्य आयोजन को देखते हुए जिले में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनीती की गई है। इसके अलावा VIP रूट मैनेजमेंट, ट्रैफिक डायवर्जन किया गया है। साथ ही ड्रोन द्वारा भी निगरानी रखी जाएगी। आयोजन से पहले कई अधिकारी लगातार मैदान में रहकर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं।
डॉ. मोहन यादव ने अपने पुत्र की शादी के लिए सादगीपूर्ण निमंत्रण पत्र छपवाया है। इसमें उन्होंने बताया कि यह विवाह सामूहिक विवाहोत्सव में इसलिए रखा गया क्योंकि इससे 21 नवयुगलों के साथ सामाजिक एकता और सद्भाव का संदेश भी जाएगा। कार्ड में लिखा है कि “गृहस्थ आश्रम में प्रवेश करने वाले सभी नवदम्पत्ति आपके आशीर्वाद से सौभाग्यशाली होंगे। उपहार के लिए क्षमा-आपका आशीर्वाद ही अमूल्य है।” इस संदेश को पूरे प्रदेश में खूब सराहना मिल रही है। मुख्यमंत्री मोहन यादव 28 नवंबर से ही उज्जैन में रहकर मेहमानों की मेजबानी और विवाह की तैयारियों की जिम्मेदारी स्वयं संभाल रहे हैं।
Location : Ujjain
Published : 29 November 2025, 10:35 AM IST
No related posts found.
No related posts found.