
एसपी का एक्शन
Deoghar: नए पुलिस कप्तान के पदभार संभालते ही पुलिस विभाग में सख्ती का माहौल देखने को मिल रहा है। देर शाम जब नवनियुक्त एसपी अचानक मधुपुर अनुमंडल के विभिन्न थानों का निरीक्षण करने पहुंचे। पूरे पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई। यह उनका पहला औचक दौरा था।
निरीक्षण के दौरान पुलिस कप्तान ने थाना परिसर की साफ-सफाई, मालखाना, हवालात और रिकॉर्ड रूम का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने यह देखा कि थानों में रखे गए दस्तावेज और जब्त सामान किस तरह व्यवस्थित रखे गए हैं। थाना परिसर की स्थिति और पुलिसकर्मियों की कार्यशैली को लेकर भी उन्होंने अधिकारियों से जानकारी ली।
एसपी ने कहा कि आम जनता के भरोसे का केंद्र होना चाहिए। उन्होंने रिकॉर्ड के रखरखाव में किसी तरह की लापरवाही पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को इसे व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के बाद पुलिस कप्तान ने मधुपुर थाना प्रभारी, सर्कल इंस्पेक्टर और डीएसपी के साथ बैठक की। इस दौरान अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर चर्चा हुई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में पेट्रोलिंग को और मजबूत बनाया जाए, खासकर रात के समय गश्त बढ़ाई जाए ताकि अपराधियों पर नजर रखी जा सके।
उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और कानून व्यवस्था में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस कप्तान ने लंबित मामलों को जल्द निपटाने पर जोर दिया और कहा कि पुराने केसों की समीक्षा कर समय सीमा के भीतर निष्पादन किया जाए।
बैठक के दौरान पुलिस कप्तान ने पुलिस और जनता के रिश्ते को मजबूत बनाने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि थाने में आने वाले हर व्यक्ति के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। शिकायत लेकर आने वाले लोगों की बात गंभीरता से सुनी जाए और उन्हें त्वरित न्याय दिलाने की कोशिश की जाए।
उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा जीतना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। अगर कोई फरियादी थाने से निराश होकर लौटता है तो यह पुलिस व्यवस्था की कमजोरी मानी जाएगी।
Location : Deoghar
Published : 22 April 2026, 8:39 PM IST
Topics : cyber crime Deoghar Jharkhand Police law and order