Deoghar News: देवघर में गैस सिंडिकेट की खुली पोल, होम डिलीवरी के नाम पर हो रहा था बड़ा खेल

देवघर में गैस एजेंसी के कामकाज और लंबित बुकिंग को लेकर प्रशासनिक सख्ती बढ़ गई है।औचक निरीक्षण के दौरान सामने आए तथ्यों के बाद प्रशासन ने वितरण नियमों को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं। जानिए इस कार्रवाई का आम उपभोक्ताओं पर क्या असर होगा और विभाग ने क्या चेतावनी दी है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 4 April 2026, 1:51 PM IST
google-preferred

Deoghar : देवघर शहर में रसोई गैस की किल्लत और कालाबाजारी की शिकायतों के बीच जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा के कड़े रुख के बाद शनिवार सुबह अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) रवि कुमार ने दलबल के साथ माँ तारा गैस एजेंसी (इंडेन) पर औचक छापेमारी की। इस दौरान गैस वितरण में भारी अनियमितताएं और भारी मात्रा में लंबित बुकिंग का खुलासा हुआ है।

20 दिनों से अटकी थीं सैकड़ों बुकिंग, उपभोक्ता परेशान

छापेमारी के दौरान जब एजेंसी के रिकॉर्ड खंगाले गए, तो चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए। जांच में पाया गया कि 12 मार्च से लेकर 4 अप्रैल तक की सैकड़ों गैस बुकिंग लंबित पड़ी थीं। एक तरफ आम उपभोक्ता सिलेंडर के लिए दर-दर भटक रहे हैं और बार-बार एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं, वहीं दूसरी ओर एजेंसी द्वारा समय पर आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की जा रही थी। इस देरी ने गैस सिंडिकेट द्वारा की जा रही संभावित कालाबाजारी के इनपुट को और पुख्ता कर दिया है।

Jharkhand News: विष्णुगढ़ कांड पर सियासत तेज, झामुमो का भाजपा पर बड़ा हमला; जानिए क्या बोले नेता…

होम डिलीवरी में मनमानी पर SDM की सख्त चेतावनी

SDM रवि कुमार ने मौके पर ही एजेंसी प्रबंधकों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने दो-टूक शब्दों में निर्देश दिया कि गैस वितरण की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए और 'पहले आओ-पहले पाओ' के नियम का सख्ती से पालन किया जाए। साथ ही, उन्होंने होम डिलीवरी सेवा को तत्काल प्रभाव से दुरुस्त करने का आदेश दिया ताकि उपभोक्ताओं को गोदाम तक न दौड़ना पड़े। SDM ने चेतावनी दी कि अगर बुकिंग में हेराफेरी या अवैध वसूली की शिकायत मिली, तो सीधे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गोरखपुर में डेढ़ करोड़ की ठगी करने वाला गैंग का खुलासा, पुलिस ने तीन साइबर अपराधियों को दबोचा

लाइसेंस रद्द करने की तैयारी, जनता से अपील

प्रशासन ने इस पूरे मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर दिया है कि यह कार्रवाई महज एक औपचारिक चेतावनी नहीं है। यदि गैस वितरण व्यवस्था में तत्काल सुधार नहीं देखा गया, तो संबंधित गैस एजेंसी के खिलाफ कठोर दंडात्मक कदम उठाते हुए उसका लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है।

इसके साथ ही, प्रशासन ने आम जनता से भी इस मुहिम में सहयोग की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि रसोई गैस हर घर की बुनियादी जरूरत है, इसलिए यदि कोई एजेंसी होम डिलीवरी के नाम पर अवैध वसूली करती है या बुकिंग के बावजूद सिलेंडर देने में आनाकानी करती है, तो उपभोक्ता तुरंत अपनी शिकायत दर्ज कराएं।

Location : 
  • Deoghar

Published : 
  • 4 April 2026, 1:51 PM IST

Advertisement