हिंदी
ब्रुकलिन ब्रिज से टकराया मेक्सिकन नेवी का ट्रेनिंग जहाज ( सोर्स - इंटरनेट )
नई दिल्ली: अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में शनिवार देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया जब मेक्सिकन नेवी का ट्रेनिंग जहाज ‘कुआउतेमोक’ब्रुकलिन ब्रिज से टकरा गया। यह दुर्घटना उस समय हुई जब यह विशाल जहाज ब्रिज के नीचे से गुजर रहा था। जहाज का ऊपरी हिस्सा पुल से टकरा गया, जिससे भारी नुकसान हुआ और कई लोग घायल हो गए। इस हादसे का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, हादसे में 19 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। न्यूयॉर्क के मेयर कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और फिलहाल सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे के समय जहाज पर 200 से ज्यादा क्रू मेंबर सवार थे।
‘कुआउतेमोक’ जहाज मेक्सिकन नेवी का एक प्रसिद्ध ट्रेनिंग वेसल है, जो दुनियाभर में मैत्री यात्रा के लिए जाना जाता है। यह जहाज न्यूयॉर्क के दौरे पर था और इसी दौरान यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि जहाज के कप्तान ने पुल की ऊंचाई का सही आकलन नहीं किया, जिसकी वजह से टकराव हुआ।
न्यूयॉर्क की इमरजेंसी क्राइसिस मैनेजमेंट एजेंसी ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। एजेंसी ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि जहाज के मार्ग की पूर्व योजना में क्या खामी रही।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब जहाज ब्रिज से टकराया तो जोरदार आवाज हुई और लोग घबरा गए। ब्रुकलिन ब्रिज के आसपास के इलाकों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, प्रशासन ने स्थिति को जल्द काबू में ले लिया।
फिलहाल, जहाज को पास के डॉक पर ले जाकर सुरक्षित खड़ा कर दिया गया है। न्यूयॉर्क पोर्ट अथॉरिटी और मेक्सिकन दूतावास के अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। यह घटना समुद्री सुरक्षा नियमों और नेविगेशन सिस्टम की सटीकता पर भी सवाल खड़े कर रही है।
Location : New Delhi
Published : 18 May 2025, 10:55 AM IST
Topics : Accident in New York City Brooklyn Bridge Cuauhtemoc Embassy officials Mexican Navy's training ship
No related posts found.