हिंदी
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अब नए मालिकों के हाथों में चली गई है। आदित्य बिड़ला ग्रुप के नेतृत्व वाले कंसोर्टियम ने यूनाइटेड स्पिरिट्स से 100% हिस्सेदारी खरीदकर टीम का पूरा नियंत्रण अपने नाम कर लिया है। इस ऐतिहासिक डील के साथ RCB के मेंस और वीमेंस दोनों टीमों का मालिकाना हक भी बदल गया है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Image Source: Google)
New Delhi: आईपीएल में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है, जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अब आधिकारिक रूप से नए मालिकों के हाथों में चली गई है। आदित्य बिड़ला ग्रुप के नेतृत्व वाले संघ ने RCB को 1.78 बिलियन अमेरिकी डॉलर यानी 16,000 करोड़ रुपये से अधिक की रिकॉर्ड राशि में खरीद लिया है।
इस डील के साथ RCB अब IPL इतिहास की सबसे महंगी फ्रेंचाइजी बन गई है। इससे पहले यह रिकॉर्ड राजस्थान रॉयल्स के नाम था, जिसे 1.63 बिलियन डॉलर (करीब 15,286 करोड़ रुपये) में बेचा गया था। लेकिन RCB की यह नई डील सभी पुराने रिकॉर्ड्स को पीछे छोड़ गई है।
इस ऐतिहासिक सौदे में आदित्य बिड़ला ग्रुप के साथ टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप, बोल्ट वेंचर्स और ब्लैकस्टोन इन्वेस्टमेंट कंपनी शामिल हैं। सभी ने मिलकर यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड से RCB की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीद ली है।
ममता बनर्जी का बड़ा फैसला: 2026 चुनाव से पहले 23 पदों से इस्तीफा, राजनीतिक हलचल तेज… पढ़ें पूरी खबर
अब RCB के चेयरमैन आदित्य बिड़ला ग्रुप के डायरेक्टर आर्यमान विक्रम बिरला होंगे, जबकि टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप के सत्यन गजवानी वाइस चेयरमैन की जिम्मेदारी संभालेंगे। यह डील केवल पुरुष टीम ही नहीं बल्कि महिला टीम (WPL) के मालिकाना हक को भी नए समूह के पास ट्रांसफर करती है।
RCB हाल ही में IPL 2025 की चैंपियन बनी थी, जहां टीम ने पंजाब किंग्स को 6 रन से हराकर अपना पहला खिताब जीता था। वहीं महिला टीम ने 2024 में WPL ट्रॉफी अपने नाम की थी, जिससे फ्रेंचाइजी की ब्रांड वैल्यू और बढ़ गई।
अब नए मालिकों के तहत RCB का अगला बड़ा सफर IPL 2026 से शुरू होगा। टीम अपना पहला मैच 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 5 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स, 10 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स और 12 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ हाई-वोल्टेज मुकाबले होंगे।
इस बड़ी डील के बाद क्रिकेट जगत में हलचल तेज हो गई है और माना जा रहा है कि RCB आने वाले समय में और भी बड़े बदलावों और निवेश के साथ एक नया युग शुरू कर सकती है।