हिंदी
फ्लाईदुबई के को-पायलट ने गाजा का बदला लेने के लिये रची साजिश (सोर्स- एक्स)
New Delhi: मध्य पूर्व की उड़ानों के बीच एक दिल दहला देने वाली साजिश का पर्दाफाश हुआ है। फ्लाईदुबई एयरलाइन के ओमानी मूल के को-पायलट हमाम अल-हम्मामी ने पूछताछ के दौरान एक सनसनीखेज कबूलनामा किया है। उसने स्वीकार किया है कि उसने गाजा पट्टी में हुई तबाही का बदला लेने और 'शहीद' होने की नीयत से तेल अवीव के बेन गुरियन एयरपोर्ट पर विमान को क्रैश करने की खतरनाक साजिश रची थी। इस खुलासे के बाद अंतरराष्ट्रीय उड्डयन सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।
जांच से जुड़े घटनाक्रम के अनुसार, इजरायली खुफिया एजेंसी शिन बेट ने इस मामले की तह तक जाने के लिए अपने अधिकारियों को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) भेजा है, जो स्थानीय जांचकर्ताओं के साथ मिलकर आरोपी को-पायलट से पूछताछ कर रहे हैं। टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट में दो इजरायली अधिकारियों के हवाले से बताया गया है कि अल-हम्मामी ने अपनी इस नापाक योजना को फ्लाईदुबई में नौकरी मिलने से काफी पहले ही दिमाग में बैठा लिया था।
चैनल 12 की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी ने कबूल किया कि उसका मुख्य उद्देश्य गाजा संघर्ष का बदला लेना और जानबूझकर विमान को दुर्घटनाग्रस्त कर अपनी जान देना था। सूत्रों से यह भी पता चला है कि इस साल की शुरुआत में जब उसने तेल अवीव के लिए एक उड़ान भरी थी, तब भी उसने विमान को हाईजैक कर क्रैश करने का प्रयास करने की सोची थी, लेकिन उस समय वह अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाया था।
मोसाद के एक वरिष्ठ अधिकारी ने हाल ही में इजरायली कैबिनेट मंत्रियों को इस मामले पर विस्तृत जानकारी दी है। जांच में सामने आया है कि अल-हम्मामी ने पिछले कुछ वर्षों के दौरान इजरायल विरोधी माने जाने वाले कई देशों की गुप्त और छोटी यात्राएं की थीं।
उसने एक सोची-समझी रणनीति के तहत उन एयरलाइंस की सूची तैयार की थी, जो सीधे तौर पर तेल अवीव के लिए उड़ानें संचालित करती हैं। सभी पहलुओं को परखने और रूट की जानकारी जुटाने के बाद ही उसने फ्लाईदुबई में पायलट के पद के लिए आवेदन किया था, ताकि वह आसानी से कॉकपिट तक पहुंच सके।
मोदी मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलें तेज, इन मंत्रियों की होगी छुट्टी, इनका बढ़ेगा कद
इस भयावह साजिश के विवरण अब धीरे-धीरे सामने आ रहे हैं। इटली के प्रतिष्ठित अखबार 'कोरिएरे डेला सेरा' की रिपोर्ट के अनुसार, विमान के मुख्य कैप्टन (कैप्टन स्मित) पर हमला करने से ठीक कुछ मिनट पहले अल-हम्मामी ने नमाज अदा करने के लिए ब्रेक की मांग की थी। इसी दौरान उसने चालक दल को नुकसान पहुंचाने और विमान पर नियंत्रण हासिल करने की कोशिश की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए यूएई के प्रॉसिक्यूटर जनरल ने आधिकारिक तौर पर इस पूरी घटना को एक सुनियोजित आतंकवादी हमला करार दिया है। इस मामले में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुरक्षा के कड़े मानकों और एयरलाइन कर्मचारियों के बैकग्राउंड वेरिफिकेशन पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
Location : New Delhi
Published : 6 October 2026, 11:18 AM IST